होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

करगी रोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, जांच में जुटा रेलवे प्रशासन

करगी रोड रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, जांच में जुटा रेलवे प्रशासन

प्रेम सोमवंशी- कोटा (बिलासपुर)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा स्थित करगी रोड रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गुजर रही मालगाड़ी के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

इंजन आगे बढ़ा, पीछे के डिब्बे हुए डिरेल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मालगाड़ी के पीछे के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए, जबकि इंजन कुछ दूरी तक आगे बढ़ने के बाद रुक गया। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए ट्रैक का निरीक्षण शुरू कर दिया।

जेसीबी के बकेट की भूमिका पर जताई जा रही आशंका

हादसे के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास चल रहे कार्य के दौरान किसी जेसीबी मशीन का बकेट मालगाड़ी की चपेट में आ गया था, जिससे वह ट्रेन के नीचे फंस गया और डिब्बे पटरी से उतर गए।

वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कुछ लोग जेसीबी का बकेट लेकर रेलवे लाइन पार कर रहे थे। इसी दौरान मालगाड़ी वहां पहुंची और बकेट ट्रेन में फंस गया, जिसके बाद यह दुर्घटना हुई। हालांकि, इन दावों की रेलवे ने अभी पुष्टि नहीं की है।

रेलवे और RPF की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंच गई। रेलवे प्रशासन ने तत्काल राहत एवं ट्रैक बहाली का कार्य शुरू कर दिया है ताकि रेल संचालन सामान्य किया जा सके।

जांच रिपोर्ट के बाद सामने आएगी असली वजह

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल तकनीकी और अन्य सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित समाचार