बिलासपुर-झारसुगड़ा रेलखंड के बीच निर्माणाधीन चौथी रेलवे लाइन को अकलतरा रेलवे स्टेशन से जोड़ने का कार्य 11 अप्रैल से 18 अप्रैल तक किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है।
10 लोकल और मेमू ट्रेनें रहेंगी रद्द
इस अवधि में बिलासपुर, रायगढ़, गेवरा रोड, कोरबा और रायपुर के बीच चलने वाली कुल 10 लोकल और मेमू पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इससे दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
14 ट्रेनों का संचालन रहेगा प्रभावित
रेलवे के अनुसार, इस दौरान कुल 14 ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से चलाया जाएगा, जबकि कुछ के समय और मार्ग में बदलाव किया गया है।
गोंदिया-झारसुगड़ा पैसेंजर आंशिक रूप से चलेगी
गोंदिया से झारसुगड़ा और झारसुगड़ा से गोंदिया के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को इस अवधि में केवल बिलासपुर तक ही चलाया जाएगा। यानी बिलासपुर से झारसुगड़ा के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी।
हसदेव एक्सप्रेस बनेगी पैसेंजर
कोरबा-रायपुर के बीच चलने वाली हसदेव एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 18250/18249 और 18252/18251) को 11 से 18 अप्रैल तक कोरबा से बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा। वहीं बिलासपुर से रायपुर के बीच यह एक्सप्रेस की तरह ही संचालित होगी।
पहले बदला गया था शेड्यूल
रेलवे प्रशासन ने पहले इस कार्य को 3 से 10 अप्रैल के बीच करने का निर्णय लिया था, लेकिन बाद में इसे स्थगित कर सभी ट्रेनों को बहाल कर दिया गया था। अब पुनः इसे 11 से 18 अप्रैल तक करने का फैसला लिया गया है।
किन-किन ट्रेनों पर असर
इस दौरान बिलासपुर-रायगढ़, रायपुर-गेवरा रोड, कोरबा-रायपुर, बिलासपुर-कोरबा और बिलासपुर-गेवरा रोड रूट की कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।