भोपाल : भोपाल में अगर आप भी मेट्रो से सफर करते है तो ये खबर आपके लिए है। भोपाल में मेट्रो का टाइम टेबल 17 अगस्त से बदलने जा रहा है। जिसके चलते अब यात्रियों को महज 15 मिनट के अंतराल में मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी। इतना ही नहीं रविवार और अवकाश के दिन में मेट्रो 70 फेरे लेगी। ताकि यात्री ज्यादा से ज्यादा इस सुविधा का लाभ उठा सके।
भोपाल मेट्रो की नई समय-सारणी जारी
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीएमआरसीएल) ने भोपाल मेट्रो की नई समय-सारणी जारी कर दी है। जिसके तहत मेट्रो सोमवार से शनिवार तक सुभाष नगर स्टेशन से पहली मेट्रो सुबह 11:30 बजे रवाना होगी, जबकि एम्स स्टेशन से पहली मेट्रो दोपहर 12 बजे चलेगी। इन दिनों मेट्रो सेवा शाम 7:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। सुभाष नगर स्टेशन से अंतिम मेट्रो शाम 7 बजे और एम्स स्टेशन से अंतिम मेट्रो शाम 7:30 बजे रवाना होगी। इस दौरान दोनों दिशाओं में कुल 62 फेरे लगाए जाएंगे।
अवकाश के दिनों में मेट्रो 70 फेरे लगाएगी
जबकि रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो का संचालन सुबह 11:30 बजे से रात 8:30 बजे तक होगा। इन दिनों सुभाष नगर स्टेशन से अंतिम मेट्रो रात 8 बजे और एम्स स्टेशन से अंतिम मेट्रो रात 8:30 बजे रवाना होगी। रविवार और अवकाश के दिनों में दोनों दिशाओं में कुल 70 फेरे संचालित किए जाएंगे।