रायपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त डॉ. सलीम राज ने रायपुर में कई वक्फ संस्थानों में ध्वजारोहण किया। इस दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन हुआ।
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिम्मी नाहिद, लेखा अधिकारी पवन कुमार समेत बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद डॉ. सलीम राज ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कई प्रमुख वक्फ संस्थानों में हुआ ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रायपुर के अलग-अलग वक्फ संस्थानों में भी तिरंगा फहराया गया। डॉ. सलीम राज ने बड़ी ईदगाह-दरगाह हजरत सैयद पहलवान शाह बाबा, मस्जिदे मोहम्मदी, मोहम्मदी पब्लिक स्कूल, लाखे नगर ईदगाहभाठा, हजरत फातेहशाह मजार एवं मस्जिद पुलिस लाइन टिकरापारा में ध्वजारोहण किया।
इसके अलावा दरगाह हजरत सैयद शेर अली आगा बंजारी वाले बाबा और अंजुमन उर्दू गर्ल्स स्कूल शास्त्री बाजार समेत अन्य स्थानों पर भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम हुए।
कार्यक्रमों में मुतवल्ली, कमेटी के पदाधिकारी, समाज के प्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए। लोगों ने तिरंगे को सलामी दी और देशभक्ति के माहौल में स्वतंत्रता दिवस मनाया।
डॉ. सलीम राज ने दिया भाईचारे का संदेश
इस अवसर पर डॉ. सलीम राज ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अमन, एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति और मजबूती के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा समाज में सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
रायपुर के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में स्थित वक्फ संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुतवल्लियों और कमेटी पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और स्थानीय लोगों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया। इन कार्यक्रमों में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को प्रमुखता दी गई।