राजेशा सोनी, डबरा: मध्यप्रदेश में वीआईपी सुरक्षा के नशे में चूर एक सरकारी गनर की बदतमीजी का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रास्ते में लगे जाम के दौरान भितरवार से भाजपा विधायक मोहन सिंह राठौड़ के गनर ने मर्यादाओं को ताक पर रखकर आम जनता और राहगीरों के साथ जमकर गाली-गलौज और बदसलूकी की। इस घटना का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
रास्ते में लग गया था जाम
दरअसल, भितरवार से भाजपा विधायक मोहन सिंह राठौड़ का काफिला अपने क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी रास्ते में एक किसान का ट्रैक्टर अचानक खराब हो गया। ट्रैक्टर बीच सड़क पर रुकने के कारण वहां लंबा जाम लग गया और विधायक की गाड़ी भी उसमें फंस गई।
गनर का पारा सातवें आसमान पर
गाड़ी रुकते ही विधायक की सुरक्षा में तैनात गनर अपनी मर्यादा भूल गया। वह आक्रामक अंदाज में जाम खुलवाने के नाम पर राहगीरों और वहां मौजूद आम लोगों पर चिल्लाने लगा। गनर ने सरेआम लोगों को भद्दी गालियां दीं और बदसलूकी की।
विधायक जी ने मांगी माफी
घटनास्थल पर मौजूद एक युवक ने जब गनर की इस गुंडागर्दी को देखा, तो वह सीधे विधायक मोहन सिंह राठौड़ की गाड़ी के पास पहुंच गया। और युवक ने विधायक से कहा कि आपका गनर बाहर आम जनता को गालियां दे रहा है और बदसलूकी कर रहा है, क्या यह सही है? जनता के गुस्से और अपनी फजीहत होते देख भितरवार विधायक ने तुरंत सूझबूझ दिखाई। उन्होंने बिना किसी अहंकार के उस युवक के सामने हाथ जोड़े और जनता से अपनी और अपने गनर की गलती के लिए माफी मांगी।