महासमुंद जिले के बसना स्थित भंवरपुर परीक्षा केंद्र में बोर्ड परीक्षा के दौरान हुई बड़ी सुरक्षा चूक के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ा एक्शन लिया है। परीक्षा हॉल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद संचालक लोक शिक्षण ने केन्द्राध्यक्ष समेत 5 सरकारी कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, परीक्षा केंद्र क्रमांक 171031 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी/हिन्दी माध्यम विद्यालय, भंवरपुर में एक छात्रा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस यानी डिजिटल कैमरा लेकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर गई थी।
छात्रा ने परीक्षा के दौरान वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग की और बाद में उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे। मामले की जांच जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा कराई गई, जिसमें ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों को दोषी पाया गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर केन्द्राध्यक्ष गंगा प्रसाद पटेल, व्याख्याता अनिरुद्ध भोई, दिनेश कुमार दास, सहायक शिक्षक दुर्गा प्रसाद पटेल और भृत्य विजिया बुड़ेक को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1965 और 1966 के तहत की गई है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बोर्ड परीक्षाओं की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग ने सभी परीक्षा केंद्रों को सुरक्षा व्यवस्था और जांच प्रक्रिया को और अधिक सख्त करने के निर्देश भी दिए हैं।