होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रेलर की टक्कर में 23 लोगों की मौत; कई घायल

काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रेलर की टक्कर में 23 लोगों की मौत; कई घायल

असम के काजीरंगा से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गोलाघाट जिले के रोंगाजान इलाके में यात्रियों से भरी बस और ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की पुष्टि जिला प्रशासन ने की है। घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।

बस में सवार थे 35 से ज्यादा यात्री, टक्कर के बाद मची चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा गोलाघाट जिले में काजीरंगा के पास रोंगाजान इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैवलर बस सामने से आ रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई यात्रियों की मौके पर ही जान चली गई।

गोलाघाट के जिला कमिश्नर बिस्वजीत फुकन ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि इस दुर्घटना में अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दुर्घटना के समय बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने जताया दुख

इस दर्दनाक घटना पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि काजीरंगा में हुई दुर्घटना की खबर से उन्हें गहरा सदमा पहुंचा है। इस हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों का दर्द बेहद असहनीय है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में पूरा असम प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।

घायलों को बेहतर इलाज देने के निर्देश, मंत्री मौके पर मौजूद

सीएम सरमा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हादसे में घायल सभी लोगों को बिना देरी के बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने बताया कि राज्य के मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं और खुद राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने और मृतकों के परिजनों को इस मुश्किल समय से उबरने की शक्ति मिलने की प्रार्थना की है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता घायलों का समुचित उपचार और राहत कार्यों को तेजी से पूरा करना है। इस भीषण हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


संबंधित समाचार