नई दिल्ली। छठ महापर्व को लेकर दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच राजधानी के शालीमार बाग इलाके में मुनक नहर के किनारे करीब 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट को विकसित किया गया है। गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सिंगलपुर गांव के पास इस घाट का उद्घाटन किया। इस घाट को श्रद्धालुओं की सुविधा और छठ पूजा के बेहतर इंतजामों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहीं। घाट पर छठ व्रतियों के लिए साफ पानी, पक्की सीढ़ियां, सड़क, रोशनी और सुरक्षा सहित कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। सरकार का दावा है कि इस परियोजना से छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिल सकेगी।
मुनक नहर में साफ पानी का किया गया इंतजाम
छठ पूजा में स्वच्छ जल का विशेष महत्व होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने मुनक नहर में साफ पानी के प्रवाह की व्यवस्था की है। दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से नहर में पानी छोड़ा जा रहा है, ताकि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को साफ पानी उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि घाट के दोनों किनारों पर पक्की सीढ़ियां और सीमेंट की सड़कें बनाई गई हैं। इसके अलावा अलग-अलग स्थानों पर फव्वारे भी लगाए गए हैं, जिससे घाट की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
चेंजिंग रूम, शौचालय और CCTV से होगी सुरक्षा
करीब 11 किलोमीटर लंबे इस घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए कई व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां चेंजिंग रूम, शौचालय, टेंट और पर्याप्त रोशनी का इंतजाम किया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच, हरियाली और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी कराया गया है।
सफाई अभियान में हटाया गया 1400 ट्रक कचरा और मलबा
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, मुनक नहर के आसपास पहले काफी गंदगी, मलबा और झाड़ियां जमा थीं। इस पूरे क्षेत्र को छठ घाट के रूप में विकसित करने से पहले बड़े स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया।
सरकार के अनुसार, इस अभियान में करीब 1,400 ट्रक कचरा, मलबा और अन्य गंदगी हटाई गई। नहर के दोनों किनारों से अतिक्रमण हटाने के बाद पूरे इलाके को व्यवस्थित रूप दिया गया।
CM रेखा गुप्ता ने खुद की परियोजना की निगरानी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि मुनक नहर का यह हिस्सा लंबे समय से विकास और सुधार का इंतजार कर रहा था। सरकार ने एक साल के भीतर इस क्षेत्र की तस्वीर बदलने का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि परियोजना की प्रगति देखने के लिए उन्होंने कई बार मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
नितिन नवीन ने CM रेखा गुप्ता के कामकाज की तारीफ की
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली सरकार के कामकाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले 20 महीनों में जो संकल्प लिए हैं, उन्हें पूरा करने की दिशा में काम किया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। नितिन नवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री जिस समर्पण के साथ दिल्ली के विकास के लिए काम कर रही हैं, उन्हें छठी मैया का आशीर्वाद जरूर मिलेगा।
उन्होंने केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने के फायदे का भी जिक्र किया। नितिन नवीन ने कहा कि डबल इंजन सरकार का लाभ दिल्ली की जनता को मिल रहा है। उन्होंने हरियाणा से पानी मिलने की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका फायदा दिल्लीवासियों को मिल रहा है।
छठ व्रतियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
मुनक नहर के किनारे तैयार किए गए इस घाट को दिल्ली में छठ पूजा के आयोजन के लिए एक बड़ी सुविधा के तौर पर देखा जा रहा है। साफ पानी, पक्के घाट, चेंजिंग रूम और सुरक्षा इंतजामों से श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान सहूलियत मिलने की उम्मीद है। अब छठ महापर्व के दौरान इस घाट पर बड़ी संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।