भोपाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 और 3 अक्टूबर को भोपाल के दौरे पर रहेंगे और विभिन कार्यकर्मों में शामिल होंगे। आगमन को लेकर शहरभर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए है।
विशेष विमान से पहुंचेंगे भोपाल
जारी शेड्यूल के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 अक्टूबर की रात करीब 8:45 बजे विशेष विमान से भोपाल स्टेट हैंगर पहुंचेंगे। इसके बाद होटल ताज लेकफ्रंट रवाना होकर रात्रि विश्राम करेंगे।
गोपालक सम्मेलन में होंगे शामिल
3 अक्टूबर को अमित शाह सुबह 11 बजे होटल से सड़क मार्ग के जरिए भेल दशहरा मैदान पहुंचेंगे। यहां वे नए आपराधिक कानूनों पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:05 बजे से राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे।
लंबित विषयों पर होगी बैठक
सम्मेलन के बाद वे होटल लौटेंगे, जहां दोपहर के भोजन के बाद मध्य प्रदेश सरकार और केंद्रीय गृह मंत्रालय के बीच लंबित विषयों को लेकर बैठक होगी। बैठक के बाद नारकोटिक्स से जुड़े विषयों पर प्रेस वार्ता के लिए समय निर्धारित है।
स्वामी विवेकानंद की नवनिर्मित प्रतिमा का करेंगे अनावरण
शाम को अमित शाह भौरी स्थित IISER के विस्तारित परिसर जाएंगे। यहां प्रस्तावित परिसर के शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वे IISER के मुख्य परिसर पहुंचेंगे। यहां स्वामी विवेकानंद की नवनिर्मित प्रतिमा के अनावरण और अन्य शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे।
7:50 बजे विशेष विमान से दिल्ली होगे रवाना
कार्यक्रमों के समापन के बाद अमित शाह शाम करीब 7:30 बजे स्टेट हैंगर के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रात 7:50 बजे विशेष विमान से भोपाल से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। इस दौरे के दौरान नए आपराधिक कानून, गोपालक सम्मेलन, नारकोटिक्स और शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण रहेंगे।