अमेरिका में लगातार तकनीकी गड़बड़ियों ने बैंकिंग और विमानन सेवाओं को प्रभावित कर दिया है। सोमवार को बैंक ऑफ अमेरिका, जेपी मॉर्गन चेज, वेल्स फार्गो समेत कई बड़े बैंकों की ऑनलाइन सेवाओं में परेशानी आई। वहीं, यूनाइटेड एयरलाइंस का सिस्टम भी तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित हुआ। इससे पहले FAA के नेटवर्क में गड़बड़ी के चलते हजारों उड़ानें प्रभावित हुई थीं।
अमेरिका में बैंकिंग सेवाओं पर तकनीकी खराबी का असर
अमेरिका में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पहले हवाई यातायात व्यवस्था और माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में तकनीकी बाधा आई और अब देश के प्रमुख बैंकों की ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो गईं। सोमवार को हजारों ग्राहकों को अपने बैंक खातों तक पहुंचने और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इस समस्या से प्रभावित संस्थानों में बैंक ऑफ अमेरिका, जेपी मॉर्गन चेज, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म Zelle शामिल रहे। इसके अलावा अन्य बैंकिंग सेवाओं के ग्राहकों ने भी ऑनलाइन लेनदेन में रुकावट की शिकायत की। आउटेज की निगरानी करने वाली वेबसाइट Downdetector पर भी बड़ी संख्या में यूजर्स ने बैंकिंग सेवाओं के ठीक से काम नहीं करने की जानकारी साझा की।
जेपी मॉर्गन चेज के सिस्टम में खराबी से बढ़ी परेशानी
बैंकिंग सेवाओं में आई इस तकनीकी समस्या की एक प्रमुख वजह जेपी मॉर्गन चेज के आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में सॉफ्टवेयर संबंधी खराबी बताई गई। इसके चलते बैंक के ट्रांजैक्शन प्रोसेस होने में सामान्य से अधिक समय लगने लगा। इसका असर केवल चेज बैंक के ग्राहकों तक सीमित नहीं रहा। बैंक ऑफ अमेरिका और सिटीग्रुप सहित दूसरे वित्तीय संस्थानों के उन ग्राहकों को भी परेशानी हुई, जिनके लेनदेन चेज के नेटवर्क से जुड़े थे। बैंक की ओर से बताया गया कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण कुछ सेवाओं की गति प्रभावित हुई है। कई ग्राहकों को ऑनलाइन बैंकिंग के दौरान ऐसा संदेश मिला कि संबंधित सेवा फिलहाल उपलब्ध नहीं है और उन्हें कुछ समय बाद दोबारा प्रयास करना चाहिए। हालांकि, बैंक ने स्पष्ट किया कि यह समस्या किसी साइबर हमले का परिणाम नहीं थी। ग्राहकों को अपने बैंक खातों और जमा राशि तक पहुंच मिल रही थी, लेकिन कुछ लेनदेन में देरी हो रही थी। बैंक की तकनीकी टीम सेवाओं को सामान्य करने में जुटी थी।
यूनाइटेड एयरलाइंस का सिस्टम भी हुआ प्रभावित
बैंकिंग क्षेत्र में आई परेशानी के बीच अमेरिका की प्रमुख विमानन कंपनी यूनाइटेड एयरलाइंस को भी तकनीकी संकट का सामना करना पड़ा। सोमवार दोपहर कंपनी ने अपने सिस्टम में आई खराबी की पुष्टि की और यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी। शुरुआती जानकारी में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि एयरलाइन की कौन-कौन सी सेवाएं इस तकनीकी गड़बड़ी से प्रभावित हुई थीं। हालांकि, एयर ट्रैफिक कंट्रोल से जुड़े एक ऐप पर सामने आई रिकॉर्डिंग ने स्थिति की गंभीरता का संकेत दिया। रिकॉर्डिंग में ह्यूस्टन में मौजूद यूनाइटेड एयरलाइंस का एक पायलट एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर से विमान को गेट पर ही रोके रखने की अनुमति मांगता सुनाई दिया। पायलट ने यह अनुरोध तब तक के लिए किया, जब तक एयरलाइन का तकनीकी सिस्टम दोबारा काम करना शुरू नहीं कर देता। राहत की बात यह रही कि कुछ घंटों के भीतर एयरलाइन के सिस्टम में आई खराबी को दूर कर लिया गया।
FAA की तकनीकी गड़बड़ी से हजारों उड़ानें हुई थीं प्रभावित
अमेरिका में विमानन व्यवस्था पहले भी बड़ी तकनीकी परेशानी का सामना कर चुकी है। कुछ दिन पहले फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के नेटवर्क में खराबी आने से शुक्रवार को देशभर में हवाई यातायात प्रभावित हुआ था। इस घटना के चलते हजारों उड़ानों पर असर पड़ा और यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी के अनुसार, नेटवर्क में गड़बड़ी उस समय शुरू हुई, जब एक सरकारी ठेकेदार पुराने कॉपर वायर को हटाकर उसकी जगह फाइबर वायर लगा रहा था। अरकंसास के एल डोराडो में वायर बदलने और राउटर चालू करने के बाद टेक्सास के अमरिलो स्थित एक केंद्र में भी तकनीकी समस्या सामने आई। FAA के मुताबिक, नेटवर्क पर हर 4 से 5 सेकंड में लगभग 1,000 कनेक्शन प्रयासों के बराबर अत्यधिक डेटा पहुंचने लगा था। इस वजह से विमान संचार और रडार फीड प्रभावित हुए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एजेंसी ने दोनों प्रभावित स्थानों को नेटवर्क से अलग किया, जिसके बाद सिस्टम की स्थिति में सुधार हुआ।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के लिए 50 अरब डॉलर की मांग
लगातार सामने आ रही तकनीकी समस्याओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था को आधुनिक बनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए करीब 50 अरब डॉलर की राशि मांगी जा रही है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का मानना है कि अमेरिका की पुरानी विमानन व्यवस्था को छोटे-छोटे सुधारों के जरिए ठीक करने के बजाय पूरी तरह नए सिस्टम के साथ विकसित किया जाना चाहिए। प्रशासन का जोर आधुनिक तकनीक और बेहतर नेटवर्क के जरिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने पर है।
50 अरब डॉलर के प्रस्ताव पर डेमोक्रेटिक सांसदों ने उठाए सवाल
FAA के आधुनिकीकरण के लिए 50 अरब डॉलर की मांग को लेकर अमेरिकी राजनीति में भी बहस शुरू हो गई है। डेमोक्रेटिक सांसदों ने इस भारी-भरकम बजट की जरूरत पर सवाल खड़े किए हैं। उनका तर्क है कि अमेरिकी कांग्रेस पहले ही FAA के नेटवर्क और तकनीकी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए अरबों डॉलर मंजूर कर चुकी है। इसके बावजूद स्वीकृत राशि का बड़ा हिस्सा अब तक खर्च नहीं किया गया है। वहीं, परिवहन मंत्री सीन डफी का कहना है कि पहले मंजूर की गई रकम का इस्तेमाल 2028 के अंत तक कर लिया जाएगा। लगातार सामने आ रही बैंकिंग और विमानन संबंधी तकनीकी समस्याओं ने अमेरिका के डिजिटल और बुनियादी ढांचे की मजबूती को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब देखना होगा कि प्रस्तावित आधुनिकीकरण योजनाओं से इन समस्याओं पर कितना प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।