होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

नेपाल में बर्फबारी का कहर: शे-फोक्सुंडो झील जा रहे 6 भारतीय पर्यटक लापता, हेलीकॉप्टर से होगी तलाश

नेपाल में बर्फबारी का कहर: शे-फोक्सुंडो झील जा रहे 6 भारतीय पर्यटक लापता, हेलीकॉप्टर से होगी तलाश

नेपाल के डोल्पा जिले से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बीच शे-फोक्सुंडो झील की ओर जा रहे छह भारतीय पर्यटकों का संपर्क टूट गया है। लापता लोगों में दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। पर्यटकों की तलाश के लिए नेपाल प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने की मांग की है। वहीं, नेपाली सेना की टीम को भी खोज एवं बचाव अभियान में लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक, भारतीय पर्यटक डोल्पा जिले के धो क्षेत्र से शे-फोक्सुंडो झील की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान नुमला पास और बगला पास के आसपास उनका संपर्क टूट गया। ये दोनों पहाड़ी दर्रे शे-फोक्सुंडो गांवपालिका के वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच स्थित हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण रास्ते बेहद खतरनाक हो गए हैं।

बर्फबारी के कारण रास्ते में फंसने की आशंका

स्थानीय गाइड और लोगों को आशंका है कि खराब मौसम के चलते छहों पर्यटक पहाड़ी रास्तों में फंस गए हैं। बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हिमालयी इलाकों में मौसम बिगड़ा और भारी बर्फबारी हुई। स्थानीय निवासियों ने पर्यटकों को पहले ही चेतावनी दी थी कि बर्फ जमने के कारण पहाड़ी दर्रों को पार करना मुश्किल हो सकता है। इसके बावजूद पर्यटक अपनी यात्रा जारी रखे हुए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, वापसी के दौरान वे बर्फबारी के बीच रास्ते में फंस गए।

प्रशासन ने दी पर्यटकों के लापता होने की जानकारी

डोल्पा जिले की मुख्य जिला अधिकारी जुनु हमाल ने बताया कि छहों भारतीय पर्यटक धो से फोक्सुंडो झील की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान वे भारी बर्फबारी की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने उन्हें दुर्गम पहाड़ी रास्तों और मौसम की गंभीर स्थिति के बारे में पहले ही आगाह किया था। शे-फोक्सुंडो गांवपालिका के अध्यक्ष धावा साम्दुक गुरूग के मुताबिक, नुमला और बगला पास के आसपास मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में लापता पर्यटकों से संपर्क करना और उनकी सही लोकेशन का पता लगाना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

हेलीकॉप्टर से तलाशी अभियान चलाने की तैयारी

डोल्पा के पुलिस उपाधीक्षक अनिल राज गिरी ने बताया कि अब तक छहों भारतीय पर्यटकों का कोई सुराग नहीं मिला है। उनकी तलाश और सुरक्षित निकासी के लिए संबंधित अधिकारियों से हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। हालांकि, ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्र में खराब मौसम, लगातार बर्फबारी और दुर्गम रास्तों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें आ रही हैं। बर्फ की मोटी परत और संचार व्यवस्था की कमी से अभियान प्रभावित हो रहा है।

नेपाली सेना की टीम भी रेस्क्यू अभियान में जुटी

लापता भारतीय पर्यटकों को सुरक्षित तलाशने के लिए नेपाली सेना की एक टीम तैनात की गई है। जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पर्यटकों का पता लगाने के प्रयास कर रही हैं। फिलहाल सभी की निगाहें मौसम की स्थिति और संभावित हेलीकॉप्टर रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं। प्रशासन की प्राथमिकता छहों पर्यटकों को जल्द से जल्द खोजकर सुरक्षित बाहर निकालना है।


संबंधित समाचार