कोलकाता: पश्चिम बंगाल की सियासत में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी एक नए विवाद में घिर गए हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने उन्हें समन जारी किया था। इसी सिलसिले में शनिवार को अभिषेक बनर्जी कोलकाता के भवानीपुर पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां पुलिस इस मामले में उनसे पूछताछ कर सकती है।
यह पूरा मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मई 2026 में किए गए एक पोस्ट से जुड़ा है। कोलकाता पुलिस के मुताबिक, डायमंड हार्बर लोकसभा सीट से सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ 27 मई 2026 को भवानीपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में एफआईआर संख्या 121 के तहत जांच की जा रही है।
ज्ञानेश कुमार पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिषेक बनर्जी ने मई में एक्स पर एक पोस्ट के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाना बनाया था। शिकायतकर्ता ने इस टिप्पणी को हेट स्पीच बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद कोलकाता पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए समन भेजा। इसी नोटिस के बाद टीएमसी सांसद शनिवार को भवानीपुर थाने पहुंचे।
BNS की इन धाराओं में दर्ज है केस
कोलकाता पुलिस ने अभिषेक बनर्जी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की चार धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें धारा 196(1)(a), 196(1)(c), 353(1)(b) और 353(2) शामिल हैं।
ये धाराएं विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य या दुश्मनी को बढ़ावा देने और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने वाले बयानों से संबंधित हैं। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस की पूछताछ पर टिकी नजरें
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर दर्ज इस मामले में अब अभिषेक बनर्जी का पुलिस के सामने पेश होना अहम माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है और पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।