राजेश सोनी, डबरा: भारतीय संस्कृति की आधारशिला 'गौ माता' को सम्मान दिलाने के लिए डबरा में "गौ सम्मान आह्वान अभियान" के तहत एक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में गौ-सेवक, सामाजिक संगठन और आम नागरिक उतरे। रैली का नेतृत्व रानी घाटी गौशाला के महंत परमानंद महाराज और माँ अंबे दरबार के महंत विजय महाराज ने किया।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी रैली
यह विशाल रैली बुजुर्ग रोड स्थित शुक्ला डेयरी से शुरू हुई, जो शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों से होते हुए गुजरी। रैली में शामिल लोग गौ माता को 'राष्ट्रमाता' घोषित करने के नारे लगा रहे थे। रैली का समापन एसडीएम (SDM) कार्यालय पर हुआ, जहां राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।
प्रशासन का गौशालाओं पर ध्यान नहीं: महेंद्र तोमर
साथी हाथ बढ़ाना संस्था के संस्थापक महेंद्र (चिंटू) तोमर ने स्थानीय प्रशासन और सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि डबरा की स्थानीय गौशालाओं की हालत अत्यंत खराब है। प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि गौ संरक्षण के लिए न केवल सख्त कानून बनाए जाएं, बल्कि डबरा की गौशालाओं की व्यवस्थाओं में तुरंत सुधार किया जाए।
मुख्य मांगें और आगामी रणनीति
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि गौ माता को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिया जाए। आयोजकों ने चेतावनी दी है कि यह अभियान केवल डबरा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में इसे प्रदेश और देशभर में विस्तारित कर जनसमर्थन जुटाया जाएगा।