ग्वालियर : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में घूरने को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गोलियां चला दी। जिसकी वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पत्नी और बच्चे घायल हो गए। जिनका इलाज जारी है। घटना मुरार थाना के बड़ागांव खुरेरी की है। जिसकी जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की
घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि मृतक रमेश उर्फ पप्पू कुशवाह, जो खुरैरी का निवासी था और मूल रूप से भिंड का रहने वाला था, वह बाजार से घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपी पक्ष के घर के सामने ‘घूरकर देखने’ की बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपित अनार सिंह, सुखवीर, रामू और राजपाल ने राइफल निकाल ली और छत पर चढ़कर फायरिंग करनी शुरू कर दी। जिसकी वजह से रमेश को गोली लग गई और उसकी मौत हो गई।
बचाव के दौरान पत्नी बच्चे हुए घायल
हालांकि गोलियां चलने की आवाज सुनकर पप्पू की पत्नी पुष्पा और उसके बेटे अनिल और रवि बचाव के लिए बाहर आये। लेकिन वो भी घायल हो गए। जिन्हे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने जल्द गिरफ़्तारी का दिया आश्वासन
मामले की जानकारी देते हुए मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच पथराव और फायरिंग हुई है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और तीन लोग घायल हैं। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि आक्रोश में आकर आरोपी पक्ष ने करीब 20 राउंड फायरिंग की।