छतरपुर। छतरपुर के बागेश्वर धाम में जल्द ही गरीबों और जरुरतमंदो के लिए 100 बिस्तरों वाला कैंसर अस्पताल शुरू होने जा रहा है। जिसके निर्माण तेजी से जारी है। तो वही इस अस्पताल का नाम ‘बालाजी सरकार कैंसर इंस्टीट्यूट’ रखा जाएगा। जिसकी जानकारी खुद बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने दी। उन्होंने बताया कि करीब 25 एकड़ जमीन पर कैंसर अस्पताल तैयार किया जा रहा है। जिसकी लागत 200 करोड़ रुपये है और इस काम को तीन साल में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
3 किलोमीटर लंबी बाउंड्रीवाल का काम पूरा
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने INH 24x7 News से बातचीत में अस्पताल की योजना से जुड़ी जानकारी साझा की। उनके अनुसार अस्पताल का निर्माण चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ रहा है। परिसर की करीब 3 किलोमीटर लंबी बाउंड्रीवाल का काम पूरा हो चुका है, जबकि मुख्य भवन के निर्माण का कार्य जारी है। अस्पताल के वर्ष 2027 के अंत तक शुरू होने की संभावना जताई गई है।
रहने - खाने की भी मिलेगी सुविधाएं
बताया गया है कि संस्थान में आधुनिक कैंसर उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए इलाज निशुल्क रखने की बात कही गई है। इसके अलावा मरीजों को दवाइयों के साथ रहने और भोजन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएगी। इतना ही नही अस्पताल में जर्मनी और इंग्लैंड के विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
फंड की व्यवस्था कथा से प्राप्त राशि से होगी
अस्पताल के निर्माण और संचालन के लिए फंड की व्यवस्था कथा से प्राप्त राशि तथा दानदाताओं के सहयोग से किए जाने की बात कही गई है।अस्पताल शुरू होने से पहले बागेश्वर धाम जनसेवा समिति और डॉ. तरंग कृष्ण के मार्गदर्शन में कैंसर परामर्श एवं हीलर सेंटर संचालित किए जा रहे हैं, जहां मरीजों को रियायती दरों पर चिकित्सा सहायता और परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।