गुना : मध्य प्रदेश के गुना से हत्या का एक सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां एक विवाहित महिला का शव उसके ही जीजा के घर पर खून से लथपथ पड़ा मिला। महिला के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान है। इतना ही नहीं घटना के बाद से मृतक महिला का पति फरार है। जिसके चलते पुलिस का संदेह पति पर गहराता जा रहा है।
मामला गुना के बृजविहार कॉलोनी का
मामला गुना के बृजविहार कॉलोनी का है, जहां बुधवार को एक घर में लक्ष्मी सेन का शव मिलने से हड़कंप मच गया। महिला के गले के पिछले हिस्से में चाकू से चोट के निशान मिले हैं। जिसकी सूचना मिलते ही सीएसपी सैफा हाशमी, कैंट थाना प्रभारी और फिंगरप्रिंट टीम मौके पर पहुंचे और शव का पंचनामा कर बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
15 दिन पहले अचानक घर से ग़ायब हो गई थी महिला
बताया जा रहा है कि लक्ष्मी सेन करीब 15 दिन पहले अचानक अपने घर से लापता हो गई थी. उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी. पुलिस तलाश के दौरान 16 अक्टूबर को उसे हिमाचल प्रदेश से बरामद कर गुना लेकर आई थी. लेकिन, गुना वापस आने के महज कुछ ही दिन बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या हो गई।
पति राकेश सेन पर हत्या का मुख्य संदेह
इतना ही नहीं पुलिस को मृतका के पति राकेश सेन पर हत्या का मुख्य संदेह है. क्योकि वारदात के बाद से राकेश फरार है और उसका मोबाइल भी बंद है। जिसकी वजह से पुलिस का शक और गहरा गया है।
लक्ष्मी सेन की यह दूसरी शादी
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी सेन की यह दूसरी शादी थी। बताया जा रहा है कि संतान नहीं होने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इतना ही नहीं पुलिस का अनुमान है कि अवैध संबंधों के कारण हत्या की गई होगी। हालांकि, अभी तक हत्या की असल वजह और आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।