भोपाल। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। प्रदेश में पिछले छह दिनों से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। तो वही आज भी मौसम विभाग ने 11 जिलों के लिए आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके चलते कई इलाकों में बादल छाने और वर्षा होने के आसार हैं।
नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आज नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, देवास, इंदौर, धार, बड़वानी और अलीराजपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
24 अक्टूबर से फिर बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में बारिश का दौर दोबारा तेज हो सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में भी कुछ क्षेत्रों में मौसम बदलने के आसार बने रहेंगे। तो वही अगले दो दिनों तक इंदौर और नर्मदापुरम संभाग में मौसम का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
कई जिलों में दर्ज हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रायसेन में एक इंच से अधिक वर्षा हुई, जबकि भोपाल और इंदौर समेत करीब 15 जिलों में बारिश देखने को मिली। लगातार वर्षा के कारण प्रदेश के कई शहरों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ी है।
वेदर सिस्टम का असर
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण और अरब सागर में सक्रिय कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इन मौसमी प्रणालियों का प्रभाव मुख्य रूप से पश्चिमी और मध्य मध्य प्रदेश के जिलों में पड़ रहा है।