नई दिल्ली: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और 21 तोपों की सलामी दी गई। प्रधानमंत्री फिलहाल लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित कर रहे हैं।
इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस समारोह कई मायनों में खास रहा। आधिकारिक समारोह के हिस्से के रूप में पहली बार ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति की गई। राष्ट्रीय गीत की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर इसे समारोह में विशेष स्थान दिया गया।
राजघाट पहुंचकर PM मोदी ने महात्मा गांधी को किया नमन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के राजघाट पहुंचे। यहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद प्रधानमंत्री लाल किले के लिए रवाना हुए।
लाल किले पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया। उन्होंने देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
लाल पगड़ी और भूरी जैकेट में नजर आए PM मोदी
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पारंपरिक अंदाज में नजर आए। उन्होंने लाल पगड़ी के साथ भूरी जैकेट और सफेद कुर्ता-पायजामा पहना हुआ था। उनका यह लुक समारोह के दौरान आकर्षण का केंद्र रहा।
पहली बार आधिकारिक समारोह में ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति
इस साल स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक ऐतिहासिक पहल देखने को मिली। लाल किले पर आयोजित आधिकारिक कार्यक्रम में पहली बार ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति की गई। वर्ष 2026 में राष्ट्रीय गीत की 150वीं वर्षगांठ भी मनाई जा रही है।
लाल किले के ज्ञानपथ पर करीब 2,500 NCC कैडेट्स और MY Bharat वॉलंटियर्स ने मिलकर ‘वंदे मातरम’ की आकृति भी बनाई। समारोह में युवा शक्ति और विकसित भारत@2047 के विजन को खास तौर पर प्रदर्शित किया गया।
15 से 20 हजार जवानों की सुरक्षा में लाल किला
स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। लाल किले और उसके आसपास के इलाकों में करीब 15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 1,000 से अधिक CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों ने समारोह स्थल के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
5 हजार विशेष अतिथियों ने लिया हिस्सा
इस साल लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया। इनमें विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी और देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे विशेष आमंत्रित शामिल रहे।
समारोह में युवाओं की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया गया। NCC कैडेट्स और MY Bharat वॉलंटियर्स की मौजूदगी ने कार्यक्रम में युवा शक्ति की झलक पेश की।
अमेरिका ने दी भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अमेरिका ने भी भारत को शुभकामनाएं दीं। भारत में अमेरिकी दूतावास ने दोनों देशों के बीच संबंधों को महत्वपूर्ण और दूरगामी बताते हुए भविष्य में भारत-अमेरिका साझेदारी को और मजबूत करने की उम्मीद जताई।
140 करोड़ भारतीयों की शक्ति का PM मोदी ने किया उल्लेख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भारत 80वें स्वतंत्रता दिवस के पड़ाव पर आगे बढ़ रहा है और 140 करोड़ नागरिकों की शक्ति देश को विकास की नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रही है। लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री का संबोधन देश की आगामी प्राथमिकताओं, विकास के लक्ष्य और विकसित भारत के संकल्प पर केंद्रित है।