भोपाल : मध्य प्रदेश सहित देशभर में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल डीज़ल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते लोगों का गुजारा करना मुश्किल हो गया है। तेलों की कमी से जहां देश जूझ रहा है। तो वही पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमत में 3 बार हुई वृद्धि के चलते आम जनता का बजट पूरी तरह से बिगड़ गया है। जिसको लेकर उमंग सिंघार ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस आर्थिक संकट से निपटने के लिए सरकार के पास समाधान नहीं सिर्फ उपदेश हैं।
जनता रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष कर रही
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पेट्रोल डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री विदेश दौरों और इवेंट राजनीति में व्यस्त हैं…जबकि देश की जनता रोजमर्रा की जरूरतों के लिए संघर्ष कर रही है। पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल तीसरी बार महंगा हुआ है।
महंगाई अब सिर्फ आर्थिक मुद्दा नहीं
उमंग ने आगे कहा कि डीजल महंगा होगा तो ट्रांसपोर्ट महंगा होगा…ट्रांसपोर्ट महंगा होगा तो सब्जियां, राशन, दूध, दवाइयां सब महंगा होगा। इस आर्थिक संकट से निपटने के लिए सरकार के पास समाधान नहीं सिर्फ उपदेश हैं। महंगाई अब सिर्फ आर्थिक मुद्दा नहीं… जनता के धैर्य और मजबूरी की परीक्षा बन चुकी है।
डीजल 91 पैसे प्रति लीटर और पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर बढ़ा
बता दें कि तीसरी बार कीमतों में हुई बढ़ोतरी के चलते राजधानी भोपाल में डीजल 91 पैसे प्रति लीटर और पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर बढ़ा। तो वही स्पीड फ्यूल के दाम में 94 पैसे की बढ़ोतरी की गई । इस हिसाब से स्पीड फ्यूल की बढ़ी हुई कीमत 121.03 प्रति लीटर पहुंच गई है।