मुकेश प्रजापति,सीहोर: मध्य प्रदेश के सीहोर वनमंडल और लाड़कुई वन परिक्षेत्र से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। मानसून की आहट के बीच सरकारी वन भूमि पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ वन विभाग ने एक और बड़ा हंटर चलाते हुए कई एकड़ जमीन को मुक्त करा लिया है।
वन परिक्षेत्र अधिकारी लाड़कुई के कुशल निर्देशन में गठित टास्क फोर्स ने भू-माफियाओं के मंसूबों को मटियामेट करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशन के तहत परिसर हामिदगंज के कक्ष क्रमांक 377 RF के अंतर्गत आने वाली कई एकड़ बहुमूल्य वन भूमि को भू-माफियाओं के चंगुल से मुक्त करा लिया गया है।
जेसीबी की एंट्री और एक्शन
वन भूमि को दोबारा अतिक्रमण की भेंट चढ़ने से रोकने के लिए वन अमले ने मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद ली। मुक्त कराई गई जमीन पर दोबारा अवैध हल न चल सके, इसके लिए जेसीबी से गहरी खाई का निर्माण कराया गया। इसके साथ ही पूरी जमीन पर जगह-जगह अलग-अलग आकार के गड्ढे खुदवाए गए हैं, जिससे भू-माफियाओं के आने-जाने के रास्ते पूरी तरह ब्लॉक हो गए हैं।
इन वन रक्षकों की रही भूमिका
नारायण सिंह मेहर (वनपाल)
शरद रंजन (कार्यवाहक वनपाल)
राहुल परमार (वन रक्षक)
श्याम सुंदर (वन रक्षक)
संतोष कुमार वर्मा (वन रक्षक)
कमल सिंह (वन रक्षक)
प्रेम सागर (वन रक्षक)
राजेश शुक्ला (वन रक्षक)
कार्रवाई रहेगी जारी, दी चेतावनी
लाड़कुई वन परिक्षेत्राधिकारी ने साफ शब्दों में कहा है कि जंगलों में किसी भी प्रकार की अवैध प्रतिक्रिया या पालवा सफाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह एंटी-माफिया बेदखली मुहिम जारी रहेगी।