Nishatpura Sandipani School : (विकास जैन, भोपाल) राजधानी भोपाल के निशातपुरा स्थिति शासकीय सांदीपनि स्कूल में बीते गुरूवार को वार्षिक पत्रिका “आयाम-2026” का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर रविशंकर राय, उपखंड अधिकारी बैरागढ़ वृत्त, भोपाल, एन.के. अहिरवार, जिला शिक्षा अधिकारी, भोपाल भी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने किया स्कूल का निरिक्षण
कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर का स्कूल का निरिक्षण से हुआ। उन्होंने पुस्तकालय के रिकॉर्ड्स का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की सराहना की। इसके बाद आईसीटी कक्ष में विद्यार्थियों से संवाद किया और डिजिटल शिक्षा से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। भाषा प्रयोगशाला में भाषा प्रभारी शिक्षकों ने कार्यप्रणाली से अवगत कराया। कलेक्टर ने शाला की स्पेस गैलरी, मनोवैज्ञानिक एवं परामर्श कक्ष का भी निरीक्षण कर किए गए नवाचारों की प्रशंसा की। करियर मार्गदर्शन से जुड़े करियर मेले की सामग्री का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने करियर काउंसलर डॉ. ओंकुश वर्मा से विद्यार्थियों को दिए जा रहे करियर गाइडेंस और उसके लाभों पर विस्तृत चर्चा की।
प्राचार्य ने किया स्वागत
भ्रमण के पश्चात सांस्कृतिक हॉल में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। सरस्वती वंदना के बाद स्कूल के प्राचार्य आर.सी. जैन ने अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत भाषण उपप्राचार्य सुनीता चोलकर ने दिया, जबकि शाला प्रतिवेदन राकेश श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. अहिरवार ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं उपखंड अधिकारी रविशंकर राय ने विद्यार्थी जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शाला के शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की।
कलेक्टर सिंह का संबोधन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए परीक्षा में अंकों का महत्व, समय प्रबंधन, जीवन नियोजन, लेखन कौशल, लाइफ स्किल्स और सफलता के विभिन्न पहलुओं पर प्रेरक विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए प्लान बी, सी और डी तैयार रखने, प्रश्न पूछने की आदत विकसित करने और लैंगिक समानता के महत्व पर भी जोर दिया। विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर उन्होंने सरल और प्रेरक शब्दों में दिए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा शाला की वार्षिक पत्रिका “आयाम-2026” का विमोचन किया गया। पत्रिका के मुख्य संपादक अब्दुल सलीम ने पत्रिका की विषयवस्तु और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
ये शिक्षक हुए सम्मानित
इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक अब्दुल सलीम, पुष्पेंद्र कुमार पालीवाल, कांति जैन, राकेश श्रीवास्तव, अरुण पुरोहित, मनोज कुमारी मिश्रा और निदा जावेद को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए और प्राचार्य आरती जैन ने आभार व्यक्त किया।