कोलंबो। श्रीलंका के नेगोम्बो शहर स्थित एक जेल में कैदियों के बीच हुई हिंसक झड़प ने बड़ा रूप ले लिया। इस घटना में अब तक 25 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालात बेकाबू होने पर प्रशासन को स्थिति नियंत्रित करने के लिए सेना की मदद लेनी पड़ी।
विवाद ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार, कोलंबो से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित नेगोम्बो जेल में दोषी कैदियों और अंडरट्रायल कैदियों के बीच पिछले कुछ समय से तनाव बना हुआ था। रविवार को शुरू हुआ विवाद सोमवार को हिंसक संघर्ष में बदल गया, जिससे पूरे जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीनने का दावा
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हिंसा के दौरान कुछ कैदियों ने जेल सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीन लिए। इसके बाद जेल के भीतर गोलीबारी और हमले की घटनाएं हुईं, जिससे मृतकों और घायलों की संख्या तेजी से बढ़ गई। रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि मृतकों में कुछ जेल अधिकारी भी शामिल हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सेना ने संभाला मोर्चा
स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने श्रीलंकाई सेना की सहायता मांगी। सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर वारुणा गामागे ने बताया कि सुरक्षा बलों को जेल परिसर में तैनात कर दिया गया है और पुलिस के साथ मिलकर हालात सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।
जारी है तलाशी और जांच
हिंसा के बाद जेल परिसर में तलाशी अभियान और सुरक्षा जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच पूरी होने के बाद मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है। फिलहाल सभी घायलों का आसपास के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।