शिवरीनारायण में आयोजित मेले के दौरान शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मेले में लगा आकाश झूला अचानक टूट गया। झूले के टूटते ही उस पर सवार छह लोग नीचे गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
हादसे में दो युवतियों और एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि तीन अन्य लोगों को भी हल्की चोटें लगी हैं। गंभीर रूप से घायल युवतियों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
मौके पर पहुंचा प्रशासन, तुरंत शुरू हुआ राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार घायल युवतियां मलदा गांव की निवासी हैं और मेला देखने शिवरीनारायण आई थीं। गंभीर रूप से घायल युवतियों की पहचान चंद्रकांता कश्यप और भूमिका कश्यप के रूप में हुई है।
झूलों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद मेले में लगे झूलों की तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने झूला संचालक से संबंधित दस्तावेज तलब कर लिए हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।