MP School Chale Hum: राजधानी भोपाल के टीटी नगर स्थित मॉडल हायर सेकंडरी स्कूल से राज्य स्तरीय प्रवेश उत्सव 2026 और ‘स्कूल चलें हम’ अभियान की शुरुआत की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कक्षा 8वीं से 9वीं में जाने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल और पुस्तकें वितरित कीं।
4 दिन चलेंगा अभियान
यह अभियान 1 अप्रैल से 4 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में कई गतिविधियों के साथ चलाया जाएगा। सरकार ने इस साल 1 करोड़ 45 लाख नामांकन का लक्ष्य रखा है, जिसमें अब तक करीब 1 करोड़ बच्चों का पंजीयन हो चुका है।
छात्रों को साइकिल और किताबें
सीएम मोहन यादव ने कहा कि अगले 4 महीनों में लाखों छात्रों को साइकिल वितरित की जाएगी। सरकार की ओर से छात्रों को ड्रेस, किताबें, लैपटॉप (75% से अधिक अंक लाने पर) और स्कूटी जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। इसके लिए बजट में करीब 2500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
ड्रॉपआउट कम करने पर जोर
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ड्रॉपआउट दर को शून्य करना है। उन्होंने बताया कि इस साल नामांकन में 19.6% की वृद्धि हुई है और सरकारी स्कूलों में दाखिले लगातार बढ़ रहे हैं। वही सांदीपनि स्कूल को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बनाए गए 369 सांदीपनि स्कूलों में बेहतर सुविधाओं के कारण छात्र निजी स्कूल छोड़कर सरकारी स्कूलों की ओर आ रहे हैं। सरकारी स्कूलों में 32.4% तक नामांकन वृद्धि दर्ज की गई है।
नई शिक्षा नीति पर जोर
आपको बता दें कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के तहत आदिवासी क्षेत्रों में 49 हिंदी और 69 स्थानीय भाषाओं की किताबें वितरित की जा रही हैं। इसके अलावा 1913 छात्रावास संचालित किए जा रहे हैं, जिससे दूरदराज के बच्चों को शिक्षा से जोड़ा जा सके।
शिक्षा मंत्री का बयान
स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि यह अभियान पूरे प्रदेश में प्रवेश उत्सव के रूप में चलाया जा रहा है, जिसमें मंत्री, विधायक और अधिकारी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर छात्रों को यूनिफॉर्म के लिए DBT के माध्यम से राशि भी दी जाएगी।
सीएम मोहन की अपील
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अभियान की शुरूआत करते हुए अपील की कि हर बच्चा स्कूल पहुंचे और समाज के सभी वर्ग इस दिशा में मिलकर प्रयास करें। उन्होंने कहा कि माता-पिता, शिक्षक और समाज की भागीदारी से शिक्षा के प्रति आकर्षण बढ़ा है।