रायपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG 2026) की पुनर्परीक्षा रविवार को आयोजित की जा रही है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। रायपुर जिले में इसके लिए 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 9 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की सलाह दी गई है। वहीं, परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दोपहर 1:30 बजे तक ही दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं मिलेगी।
देशभर में 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल
NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा में देशभर के 22 लाख 79 हजार से अधिक उम्मीदवार शामिल हो रहे हैं। परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की जा रही है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा के संचालन के लिए विशेष सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लागू की है।
रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रायपुर में सभी 25 परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और गोपनीय बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भारतीय वायुसेना (Air Force) को सौंपी गई है। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा जांच और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
कलेक्टर गौरव सिंह ने अभ्यर्थियों से की अपील
रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन परीक्षा को लेकर पूरी तरह तैयार है। सभी 25 परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल पूरी की जा चुकी है और आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण भी किया गया है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार की चिंता किए बिना समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें। प्रशासन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ परीक्षा आयोजित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
- परीक्षा समय: दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक
- परीक्षा केंद्र में प्रवेश: दोपहर 1:30 बजे तक
- अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह
- एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य
- परीक्षा नियमों का पालन करना होगा