भोपाल : मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा की तारीखों में बदलाव कर दिया है। पहले यह परीक्षा 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक होनी थी। लेकिन UPSC मुख्य परीक्षा से टकरा के चलते अब परीक्षा का आयोजन 8 अगस्त से 13 अगस्त तक कर दिया है।
4,000 उम्मीदवार होंगे शामिल
158 पदों पर होनी वाली इस परीक्षा का आयोजन भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन सहित 12 शहरों में किया गया है। जिसमे 4 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
8 से 13 अगस्त तक होंगे पेपर
संशोधित शेड्यूल के अनुसार अब राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 8 अगस्त से 13 अगस्त के बीच आयोजित की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को स्थगित करने के बजाय पहले आयोजित करने का फैसला लिया गया है, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
15 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे आवेदन
मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 जून से शुरू होकर 15 जुलाई तक चलेगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल सभी उम्मीदवारों को निर्धारित अवधि में आवेदन करना अनिवार्य होगा। आवेदन एमपी ऑनलाइन पोर्टल और आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जा सकेंगे। वहीं आवेदन पत्र में सुधार के लिए 30 जून से 17 जुलाई तक का अवसर दिया गया है।
3 अगस्त से उपलब्ध होंगे प्रवेश पत्र
आयोग के अनुसार परीक्षा के प्रवेश पत्र 3 अगस्त से ऑनलाइन उपलब्ध होंगे। इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न विभागों में कुल 158 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिसका हजारों अभ्यर्थियों को लंबे समय से इंतजार है.
डाक से नहीं भेजे जाएंगे एडमिट कार्ड
आयोग ने साफ किया है कि एडमिट कार्ड डाक से नहीं भेजे जाएंगे. जो उम्मीदवार तय समय सीमा के अंदर आवेदन नहीं कर पाएंगे, उन्हें लेट फीस देकर आवेदन करने का मौका दिया जाएगा. 16 जुलाई से 22 जुलाई के बीच ₹3,000 की लेट फीस के साथ आवेदन जमा किए जा सकते हैं. वहीं आवेदन करने का आखिरी मौका ₹25,000 की स्पेशल लेट फीस के साथ 23 जुलाई से 27 जुलाई तक मिलेगा.
आवेदन शुल्क
मध्य प्रदेश के SC, ST, OBC (नॉन-क्रीमी लेयर), EWS और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क ₹400 तय किया गया है. वहीं सामान्य श्रेणी और राज्य के बाहर के उम्मीदवारों को ₹800 का शुल्क देना होगा.