होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

रायपुर IPL मैच के लिए हाई अलर्ट: 1500 जवान तैनात, 430 CCTV कैमरों से होगी निगरानी...

रायपुर IPL मैच के लिए हाई अलर्ट: 1500 जवान तैनात, 430 CCTV कैमरों से होगी निगरानी...

रायपुर। राजधानी रायपुर के नवागांव स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले आईपीएल मुकाबलों को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक मैच देखने कई वीआईपी मेहमानों और बॉलीवुड हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। संभावित वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और ज्यादा सख्त कर दी गई है।

8 IPS अफसरों के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था

आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में डीआईजी गिरिजाशंकर जायसवाल पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। मैच के दौरान 8 आईपीएस अधिकारियों, 20 राजपत्रित अधिकारियों और करीब 1500 पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। स्टेडियम और आसपास के इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा करीब 300 ट्रैफिक जवान यातायात व्यवस्था संभालेंगे, ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

स्टेडियम तक पहुंचने के लिए बनाए गए 5 रूट

मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए प्रशासन ने 5 अलग-अलग रूट तय किए हैं। वहीं स्टेडियम में प्रवेश के लिए 12 एंट्री गेट बनाए गए हैं। रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और धमतरी से आने वाले दर्शकों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थल श्री सत्य साई संजीवनी अस्पताल, सेंध तालाब और परसदा क्षेत्र में बनाए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट के लिए अलग विशेष रूट आरक्षित रखा गया है, जिससे खिलाड़ियों और सेलिब्रिटीज की आवाजाही बिना बाधा जारी रह सके।

खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए ‘नो एंट्री जोन’

आईपीएल मुकाबले के दौरान स्टार खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए स्टेडियम परिसर में विशेष ‘नो एंट्री जोन’ बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में बिना अनुमति किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। खिलाड़ियों से मिलने वालों की सूची सीमित रखी गई है और उनकी सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। खिलाड़ियों की आवाजाही से लेकर स्टेडियम के संवेदनशील क्षेत्रों तक हर गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के जरिए नजर रखी जाएगी।

430 CCTV कैमरों से निगरानी

सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए स्टेडियम और उसके आसपास के सभी प्रमुख मार्गों पर 430 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्टेडियम परिसर को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है, जिसके चलते ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा एजेंसियां कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर बनाए रखेंगी। इसके अलावा फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस के लिए अलग इमरजेंसी रूट भी तैयार किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाई जा सके।

स्टेडियम में इन 14 सामानों पर प्रतिबंध

सुरक्षा कारणों से दर्शकों के लिए कई वस्तुओं को स्टेडियम के अंदर ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटखा, तंबाकू, माचिस, लाइटर, पानी की बोतलें, बाहरी खाद्य सामग्री, टिफिन, कांच के कंटेनर, चाकू और अन्य धारदार वस्तुएं शामिल हैं। इसके अलावा पटाखे, ज्वलनशील पदार्थ, सिक्के, बैग, हेलमेट और पालतू जानवरों को भी स्टेडियम के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

शहर में संदिग्धों पर भी रहेगी नजर

आईपीएल मैच के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस कमिश्नरेट के जवानों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। शहर के भीतर संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मैच के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है।



 

 



 


संबंधित समाचार