होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

अब 97 तरह की जांचें होंगी मुफ्त; 24 घंटे में मिलेगी डिजिटल रिपोर्ट, जानिए किसे मिलेगा लाभ

अब 97 तरह की जांचें होंगी मुफ्त; 24 घंटे में मिलेगी डिजिटल रिपोर्ट, जानिए किसे मिलेगा लाभ

गरियाबंद: जिले के राजिम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। यहां नवनिर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) का लोकार्पण किया गया। इस नई सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को संक्रामक रोगों की निगरानी, आधुनिक जांच सुविधाएं और प्राथमिक उपचार अब स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा।

कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया।

97 प्रकार की जांचें मुफ्त, 24 घंटे में मिलेगी रिपोर्ट

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि इस नई यूनिट में 97 प्रकार की रक्त एवं अन्य स्वास्थ्य जांचें पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से जांच रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर मरीज के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा।

डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों पर होगी तेज निगरानी

नई ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के माध्यम से डेंगू, मलेरिया, डायरिया सहित अन्य संक्रामक एवं मौसमी बीमारियों की निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। स्वास्थ्य विभाग को रोगों का डेटा तुरंत उपलब्ध होगा, जिससे समय रहते रोकथाम और उपचार संबंधी आवश्यक कदम उठाए जा सकेंगे।

इसके साथ ही मरीजों को अब सामान्य जांचों के लिए बड़े शहरों या निजी लैब का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

जीवनदीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा

लोकार्पण के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जीवनदीप समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक रोहित साहू ने की, जिसमें अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, स्वच्छता, उपकरणों की स्थिति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में निर्देश दिए गए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों का व्यवहार संवेदनशील एवं सहयोगात्मक रहे।

दवाइयों की उपलब्धता और अस्पताल की सुविधाओं पर विशेष जोर

बैठक में अस्पताल में आवश्यक एवं जीवनरक्षक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने, एक्स-रे, पैथोलॉजी लैब और अन्य चिकित्सा उपकरणों को नियमित रूप से चालू रखने तथा अस्पताल परिसर, वार्ड और शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा जीवनदीप समिति के कोष का पारदर्शी उपयोग करते हुए अस्पताल के विकास कार्यों को गति देने पर भी सहमति बनी।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष इन्द्राणी नेहरू साहू, जिला पंचायत सभापति नंदनी ओंकार साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, भाजपा नेत्री छाया राही, पार्षद तुषार कदम, समिति सदस्य सोमनाथ पटेल एवं कुलेश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एस. नवरत्न, बीएमओ डॉ. स्नेहलता हुमने सहित कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में स्वास्थ्य विभाग ने सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

 

 


संबंधित समाचार