इंदौर : इंदौर वासियो को सीएम मोहन ने डबल डेकर ब्रिज की सौगात दी है । यह ब्रिज लव कुश चौराहे पर स्थित है। जिसके निर्माण के लिए सरकार ने 175 करोड़ रुपये खर्च किए। यह इंदौर सहित प्रदेश का पहला डबल डेकर ब्रिज है, जिसके नीचे से सुपर कॉरिडोर की ओर जाने वाला मार्ग है और बीच में मेट्रो का ट्रैक भी है। शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए इस ब्रिज की शुरुआत की गई है।
ट्रैफिक जाम में आएगी कमी
ब्रिज शुरू होने से एमआर-10, सुपर कॉरिडोर और उज्जैन रोड की ओर आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे यात्रा का समय कम होगा, ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और शहर की कनेक्टिविटी पहले से अधिक बेहतर होगी।
कुल लंबाई 1554 मीटर
400 टन वजनी लोहे के ब्रिज को ऑब्लिगेटरी स्पॉन पर स्थापित किया गया है. इसकी कुल लंबाई 1554 मीटर है। यह छह लेन का पुल है। इसे बनने में तीन साल का समय लगा। इस ब्रिज से हर दिन एक लाख से ज्यादा वाहनों के गुजरने का अनुमान है।
ब्रिज की विशेषता इसका बहुस्तरीय डिजाइन
इधर, मुख्यमंत्री ने इंदौर के बहुप्रतीक्षित डबल डेकर ब्रिज को आधुनिक तकनीक और अधोसंरचना विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना शहर की बढ़ती यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है और इससे ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी। साथ ही यह प्रदेश में तेजी से हो रहे शहरी विकास का प्रतीक भी बनेगा।