Morning Breaking: रायपुर में पेयजल सप्लाई पर सख्ती, छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का अलर्ट, प्राइवेट स्कूलों का बड़ा फैसला, PNG कनेक्शन अभियान और सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक, जानिए आज की सभी बड़ी खबरें।
रायपुर में पेयजल सप्लाई पर सख्ती
रायपुर में पेयजल व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। महापौर ने जल विभाग और जल बोर्ड के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में पानी की सप्लाई व्यवस्थित और नियमित होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, शहर में अगले दो दिनों के भीतर पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने का लक्ष्य तय किया गया है।
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी, 4-5 दिनों का अलर्ट जारी
छत्तीसगढ़ में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में लू चलने की स्थिति बनी हुई है। राजनांदगांव राज्य का सबसे गर्म इलाका बन गया है, जहां तापमान करीब 44 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले एक सप्ताह में तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि भी देखी गई है। कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन का बड़ा फैसला, RTE पर टकराव
रायपुर में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने RTE (Right to Education) के तहत लॉटरी से चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश न देने का फैसला लिया है। एसोसिएशन आज शिक्षा मंत्री को अपनी मांगों को लेकर पत्र सौंपेगा और कल जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा। उनका कहना है कि लंबे समय से राशि तय नहीं होने के कारण वे असहयोग आंदोलन जारी रखेंगे।
PNG कनेक्शन अभियान तेज
रायपुर में PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन अभियान को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अब तक 700 घरों में रजिस्ट्रेशन हो चुका है और दूसरे फेज में 20 सोसायटियों के 15 हजार घरों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन और कैंप के माध्यम से सुविधा दी जा रही है। 24 घंटे सर्विस और हेल्पलाइन के साथ सस्ती और सुरक्षित गैस सुविधा लोगों को राहत देगी।
सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक
राज्य सरकार ने आगामी तीन महीनों के लिए सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। यह फैसला सुशासन तिहार और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर इसे ब्रेक इन सर्विस माना जाएगा।
बीजेपी का महिला सम्मेलन, विपक्ष पर साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी प्रदेशभर में महिला सम्मेलन आयोजित कर रही है। आज और कल जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम होंगे, जिसके बाद मंडल स्तर तक आयोजन किया जाएगा। नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने को लेकर भाजपा विपक्ष पर हमला कर रही है। 26 और 27 अप्रैल को विपक्ष का पुतला दहन कर विरोध जताने की भी योजना है।