रायपुर। राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी को लेकर यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। 28 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली गणेश झांकी को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन और प्रतिबंध की व्यवस्था जारी की है। ताजा जानकारी के मुताबिक झांकी शारदा चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख हिस्सों से गुजरते हुए महादेव घाट स्थित विसर्जन स्थल तक पहुंचेगी। झांकी के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित झांकी मार्ग पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे में 28 सितंबर को शहर में निकलने वाले वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रखना जरूरी होगा।
रात 9 बजे शारदा चौक से शुरू होगी झांकी
गणेश झांकी 28 सितंबर की रात करीब 9 बजे शारदा चौक से रवाना होगी। इसके बाद झांकी का मार्ग जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक से होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल तक रहेगा। झांकी के सुचारू संचालन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस पूरे रूट पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा।
इन मार्गों से कर सकेंगे आवागमन
टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन
टाटीबंध से महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक, फाफाडीह चौक और शास्त्री चौक की ओर जाने वाले वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1 होते हुए पचपेड़ी नाका की ओर भी आवागमन किया जा सकता है।
भनपुरी की ओर से
भनपुरी की ओर से आने वाले वाहन फाफाडीह चौक से रेलवे स्टेशन चौक, तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की दिशा में जा सकेंगे। वहीं फाफाडीह चौक से शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका की ओर जाने का विकल्प भी रहेगा।
तेलीबांधा की ओर से
तेलीबांधा चौक से आने वाले वाहन शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की दिशा में जा सकेंगे। इसके अलावा कालीबाड़ी मार्ग का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।
पचपेड़ी नाका की ओर से
पचपेड़ी नाका से टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक होते हुए रेलवे स्टेशन तक आवागमन किया जा सकेगा।
इन रास्तों पर रहेगा यातायात प्रतिबंध
गणेश झांकी के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इनमें प्रमुख रूप से—
शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक
आश्रम तिराहा से शारदा चौक/जयस्तंभ चौक
सुभाष नगर चौक–मौदहापारा से जयस्तंभ चौक
फायर ब्रिगेड चौक से कोतवाली
बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली
लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना
बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना
कंकालीपारा से सदर बाजार और कोतवाली मार्ग
इन मार्गों पर झांकी के दौरान केवल निर्धारित झांकी वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं को ही प्रवेश की अनुमति होगी।
श्रद्धालुओं के लिए यहां रहेगी पार्किंग व्यवस्था
यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं।
पंडरी की ओर से आने वाले श्रद्धालु:
मल्टीलेवल पार्किंग और रजबंधा मैदान की गलियों में वाहन पार्क कर सकते हैं।
सिविल लाइन की ओर से आने वाले:
शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान और सुभाष स्टेडियम के आसपास निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की जा सकेगी।
टिकरापारा और कालीबाड़ी की ओर से आने वाले:
सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम और गांधी मैदान का उपयोग पार्किंग के लिए किया जा सकेगा।
गुढ़ियारी और समता कॉलोनी की ओर से आने वाले:
भैंसथान मैदान और जवाहर मार्केट पार्किंग में वाहन खड़े किए जा सकेंगे।
सुंदरनगर और रायपुरा की ओर से आने वाले:
लाखेनगर चौक स्थित हिंद स्पोर्ट्स मैदान में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
वाहन चालकों से यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि 28 सितंबर को गणेश झांकी के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं। शहर में निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें। झांकी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यातायात नियमों का पालन करना जरूरी होगा। पुलिस के अनुसार डायवर्जन व्यवस्था का उद्देश्य झांकी के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की आवाजाही को व्यवस्थित रखना है।
बारिश के चलते बदली गई थी झांकी की तारीख
गौरतलब है कि रायपुर में ऐतिहासिक गणेश झांकी पहले 27 सितंबर को प्रस्तावित थी। लगातार बारिश के चलते आयोजन की तारीख बदलकर 28 सितंबर की गई है। इसलिए 28 सितंबर को शहर में निकलने वाले लोगों को विशेष रूप से ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।