राजा शर्मा// डोंगरगढ़: छत्तीसगढ़ के धर्मनगरी डोंगरगढ़ में नशे के कारोबार पर पुलिस ने एक बार फिर करारा प्रहार किया है। रेलवे स्टेशन के पास नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे 21 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। आरोपी के बैग से Nitrazepam Tablets IP (Nizascen-10) की 250 नशीली गोलियां बरामद हुई हैं, जिनकी कीमत करीब 1125 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
संदिग्ध युवक गिरफ्तार
नशे के खिलाफ डोंगरगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में 25 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन डोंगरगढ़ के कालकापारा क्षेत्र के पास एक युवक नशीली टैबलेट लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए हुलिए के आधार पर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
250 नशीली टैबलेट जब्त
पकड़े गए युवक की पहचान सुनील निषाद उर्फ लाला निषाद, पिता दीपक निषाद, उम्र 21 वर्ष, निवासी लक्ष्मी नगर, कलमना मार्केट, नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से लाल-काले रंग के बैग में रखी पॉलीथीन के अंदर 25 पत्ते Nitrazepam Tablets IP (Nizascen-10) बरामद किए गए। प्रत्येक पत्ते में 10 टैबलेट थीं, यानी कुल 250 नशीली टैबलेट पुलिस ने जब्त कीं।
आरोपी को न्यायालय के समक्ष किया पेश
पुलिस ने बरामद नशीली टैबलेट को विधिवत जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 563/2026, धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और नशे के कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।