होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Nitin Nabin : नड्डा की राह पर नितिन नबीन, बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त

Nitin Nabin : नड्डा की राह पर नितिन नबीन, बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त

Nitin Nabin : भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पार्टी की संसदीय बोर्ड की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इसकी जानकारी बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी आधिकारिक बयान में दी गई।

बिहार में कैबिनेट मंत्री है नबीन

नितिन नबीन वर्तमान में बिहार की नीतीश कुमार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं और संगठन तथा सरकार दोनों स्तरों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके पास प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ संगठनात्मक क्षमता भी है, जो आने वाले समय में बीजेपी को मजबूती प्रदान करेगी।

जेपी नड्डा मॉडल पर नियुक्ति

बीजेपी में यह पहली बार नहीं है जब किसी नेता को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई हो। मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी वर्ष 2019 में पहले कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और इसके बाद 2020 में उन्हें पूर्णकालिक राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी परंपरा के तहत नितिन नबीन की नियुक्ति को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नितिन नबीन का राजनीति सफर

कायस्थ समुदाय से आने वाले नितिन नबीन का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के माध्यम से राजनीति में कदम रखा और बाद में पटना बीजेपी संगठन में मजबूत पकड़ बनाई। 2010 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव जीता और तब से लगातार बांकीपुर विधानसभा सीट से जीत दर्ज करते आ रहे हैं। वे अब तक पांच बार विधायक रह चुके हैं।

कई राज्यों में निभाई भूमिका

नितिन नबीन ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के साथ भी सक्रिय रूप से काम किया है और हाल के सालों में छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में पार्टी के चुनावी अभियानों में अहम भूमिका निभाई है। 

इन पदों पर रहे नितिन नबीन

नितिन नबीन का जन्म 23 मई, 1980 को रांची (झारखंड) में हुआ। इनके पिता स्वर्गीय नबीन किशोर प्रसाद सिन्हा पटना पश्चिम से 4 बार विधायक रहे। नितिन नबीन स्वयं 5 बार से लगातार बिहार विधानसभा के सदस्य हैं। वे पहली बार 2006 में पटना पश्चिम सीट से विधायक चुने गए। उसके बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 में बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार विधायक चुने गए। 2010 से 2013 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर रहे। 2016 से 2019 तक बिहार भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का पद संभाला।  

2019 में सिक्किम राज्य भाजपा संगठन प्रभारी का पद संभाला। 2021 में बिहार सरकार में सड़क निर्माण विभाग मंत्री का पदभार संभाला। 2021 से 2024 तक छत्तीसगढ़, भाजपा के सह-प्रभारी रहे। 2024 में बिहार सरकार में विधि विभाग और शहरी विकास एवं आवास मंत्री का पद संभाला। जुलाई 2024 से वर्तमान तक छत्तीसगढ़, भाजपा के प्रभारी का पदभार संभाल रहे हैं। वर्तमान में बिहार सरकार में सड़क निर्माण और शहरी विकास एवं आवास मंत्री के पद पर हैं। 14 दिसंबर, 2025 को उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

पीएम मोदी ने दी बधाई 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि श्री नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे समर्पण भाव से काम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव के साथ जमीन पर काम करने के लिए जाने जाते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।


संबंधित समाचार