नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में बैंक लूट की एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर लाखों रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गया। हालांकि, बैंक कर्मचारियों और पुलिस की तत्परता से आरोपी ज्यादा दूर नहीं जा सका और उसे करीब एक किलोमीटर दूर पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई 4.53 लाख रुपये की पूरी रकम बरामद कर ली है। घटना के बाद बैंक में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसमें वारदात से जुड़ी गतिविधियां कैद हुई हैं।
ATM से कैश लेकर बैंक लौट रहे थे कर्मचारी
घटना नागपुर के भांडे प्लॉट इलाके में गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, बैंक कर्मचारी ATM से कैश लेकर SBI की शाखा में वापस लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने कर्मचारियों पर लाल मिर्च पाउडर फेंक दिया और उनके पास मौजूद नकदी लेकर वहां से भाग निकला।
कर्मचारियों ने शोर मचाया, पुलिस भी पीछे दौड़ी
अचानक हुई वारदात के बाद बैंक कर्मचारियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और आरोपी का पीछा किया। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रहे बीट मार्शल और पुलिसकर्मियों की नजर भी भागते हुए युवक पर पड़ी। बैंक कर्मचारियों और पुलिस ने मिलकर आरोपी का पीछा किया। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को घटना के करीब 30 मिनट के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया और उसके पास से पूरी नकदी बरामद हो गई।
B.Sc. ग्रेजुएट है आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज भोजराज बोरकर के रूप में की है। वह नागपुर ग्रामीण के भिवापुर तहसील स्थित तातोली गांव का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, सूरज B.Sc. से ग्रेजुएशन कर चुका है और फिलहाल बेरोजगार है। शुरुआती जांच में आर्थिक परेशानी और नौकरी नहीं मिलने को वारदात की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कैश की जानकारी कहां से मिली, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी ने वारदात को अकेले अंजाम दिया या उसके साथ कोई और भी शामिल था। इसके अलावा पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी को बैंक कर्मचारियों के पास इतनी बड़ी रकम होने की जानकारी कैसे मिली। बैंक के CCTV फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।