होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

15 करोड़ की धनवर्षा का झांसा, नारियल में धमाका दिखाकर ‘चमत्कार’ का दावा; फर्जी बाबा समेत 7 गिरफ्तार

15 करोड़ की धनवर्षा का झांसा, नारियल में धमाका दिखाकर ‘चमत्कार’ का दावा; फर्जी बाबा समेत 7 गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नासिक जिले में करोड़ों रुपये की धनवर्षा कराने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कथित फर्जी बाबा समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा विधि के नाम पर मुंबई के कुछ परिवारों को करोड़ों रुपये मिलने का लालच दिया गया और उनसे बड़ी रकम वसूली गई।

मामला कळवण तालुका के पिंपळे खुर्द गांव का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, हिराचंद बर्डे और उसके छह साथियों ने पीड़ितों को 15 करोड़ रुपये की धनवर्षा कराने का भरोसा दिलाया था। कथित तौर पर ठगी का सिलसिला प्रति व्यक्ति 1,000 रुपये को 2 लाख रुपये में बदलने का लालच देकर शुरू किया गया। आरोप है कि इसी तरह पांच लोगों से अलग-अलग चरणों में कुल 10 लाख 55 हजार रुपये लिए गए।

नारियल में विस्फोट कर बताया ‘चमत्कार’

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित पूजा विधि के दौरान नारियल में विस्फोट कराया और इसे किसी चमत्कारी प्रक्रिया का हिस्सा बताकर पीड़ितों का भरोसा जीतने की कोशिश की। इसके बाद उन्हें बताया गया कि अब 3 करोड़ रुपये की धनवर्षा होने वाली है। आरोप है कि इसके बाद पीड़ितों को एक बोरी दी गई, जिसमें नकली नोट रखे हुए थे। उन्हें निर्देश दिया गया कि बोरी को सात दिनों तक न खोला जाए। जब तय समय के बाद बोरी खोली गई तो ऊपर रखा नोट असली था, लेकिन अंदर मौजूद नोटों के बंडल जांचने पर बाकी नोट नकली निकले।

पैसे वापस मांगे तो धमकी देने का आरोप

नकली नोटों का पता चलने के बाद पीड़ितों ने कथित तौर पर आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। शिकायत के अनुसार, इस पर उन्हें डराया-धमकाया गया और गायब करने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई।इसके बाद पीड़ितों ने पूरे मामले की जानकारी महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति (अंनिस) को दी। समिति की मदद से अभोणा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

जादूटोना विरोधी कानून के तहत कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और हिराचंद बर्डे समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जादूटोना विरोधी कानून और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस और अंनिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इसी तरह की धनवर्षा, तंत्र-मंत्र या चमत्कार के नाम पर ठगी का शिकार हुआ है, तो वह अभोणा पुलिस या अंनिस के कार्यकर्ताओं से संपर्क कर सकता है।


संबंधित समाचार