बुरहानपुर : मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने जर्जर मकानों को तोडना शुरू कर दिया है। बुधवार को टीम ने दाउदपुरा क्षेत्र में एक पुराने और जर्जर मकान को तोड़ा, जबकि कार्रवाई के लिए 109 जर्जर मकानों को चिन्हित किया गया है। यह कार्रवाई नागझिरी क्षेत्र में तीन दिन पहले एक कच्चा मकान गिरने की घटना के बाद की गई है।
109 जर्जर मकान किए गए चिन्हित
बता दें कि बारिश से पहले नगर निगम ने सभी 109 मकान मालिकों को नोटिस जारी किया था। लेकिन अधिकांश लोगों ने अपने मकान नहीं तोड़े। ऐसे में नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने सोमवार शाम बैठक में जर्जर मकानों पर कार्रवाई के निर्देश दिए है।
11-12 मकान मालिकों ने खुद की कार्रवाई
नगर निगम के उपयंत्री गोपाल महाजन ने बताया कि चिन्हित 109 मकानों में से करीब 11 से 12 मकान मालिकों ने अपने मकान गिरा दिए हैं या उनकी मरम्मत करा ली है। उन्होंने बताया कि अभी भी 20 से 22 मकान जर्जर हालत में हैं। दाउदपुरा का मकान भी इनमें शामिल था, जिसे मंगलवार को तोड़ा गया।
दुर्घटना रोकने के लिए जारी रहेगी कार्रवाई
गोपाल महाजन ने कहा कि सभी जर्जर मकानों को या तो तोड़ा जाएगा या संबंधित मकान मालिकों से उनकी मरम्मत कराई जाएगी। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकना है। कार्रवाई के दौरान नगर निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा।