होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

बिना अनुमति पेड़ों की कटाई पड़ी भारी, प्रधान पाठक तत्काल निलंबित

बिना अनुमति पेड़ों की कटाई पड़ी भारी, प्रधान पाठक तत्काल निलंबित

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में स्कूल परिसर में हरे-भरे पेड़ों की कटाई का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। गुरूर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बड़झूम के प्रधान पाठक डोंगर सिंह निषाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि विद्यालय परिसर में करीब 29 हरे-भरे पेड़ों की कटाई बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के कराई गई।

जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी बालोद द्वारा पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग, दुर्ग को भेजी गई थी। जांच में पाया गया कि विद्यालय परिसर में पेड़ों की कटाई स्कूल विकास समिति के प्रस्ताव के आधार पर कराई गई, लेकिन इसके लिए संबंधित उच्च अधिकारियों से पूर्व अनुमति नहीं ली गई। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे सेवा नियमों का उल्लंघन और प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।

शिक्षा विभाग ने माना गंभीर लापरवाही

विभागीय आदेश में कहा गया है कि बिना अनुमति पेड़ों की कटाई कराना शासकीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही, कर्तव्य की उपेक्षा और स्वेच्छाचारिता की श्रेणी में आता है। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि में यह रहेगा मुख्यालय

निलंबन अवधि के दौरान प्रधान पाठक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डौंडी लोहारा निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

एक सप्ताह में आरोप पत्र पेश करने के निर्देश

शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारी बालोद को निर्देश दिए हैं कि प्रधान पाठक के विरुद्ध एक सप्ताह के भीतर आरोप पत्र तैयार कर प्रस्तुत किया जाए, ताकि विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

मामले पर सभी की नजर

स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई के इस मामले ने स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है। अब आगे की विभागीय जांच और कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।


संबंधित समाचार