MP Morning News : मध्यप्रदेश में आज प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव का व्यस्त कार्यक्रम रहेगा। सीएम मोहन सुबह मंत्रालय में होने वाली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और फैसले लिए जाने की संभावना है। इसके बाद वे धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए ओंकारेश्वर जाएंगे।
ओंकारेश्वर में जलाभिषेक, शामिल होंगे सीएम
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज ओंकारेश्वर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम नर्मदा परिक्रमा पूर्ण होने के मौके पर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान सीएम नर्मदा नदी के तट पर दादा गुरुजी के साथ जलाभिषेक करेंगे। कार्यक्रम के बाद सीएम मोहन इंदौर और देवास का भी दौरा करेंगे।
मोहन कैबिनेट बैठक आज
मंत्रालय में होने वाली कैबिनेट बैठक में करीब एक दर्जन प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की संभावना है। खासतौर पर नगरीय प्रशासन विभाग से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा होगी। इसके अलावा गर्मी के मौसम को देखते हुए प्रदेश में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर भी मुख्यमंत्री फीडबैक लेंगे और नदियों की वर्तमान स्थिति को लेकर जरूरी निर्देश जारी कर सकते हैं।
एलपीजी पर होगी चर्चा
बैठक के बाद मुख्यमंत्री मंत्रियों के साथ कई विषयों पर भी चर्चा करेंगे। इनमें मध्य पूर्व के देशों से मध्यप्रदेश के नागरिकों की निकासी के लिए की गई कार्रवाई, एलपीजी और सीएनजी की आपूर्ति, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता, गेहूं खरीदी के दौरान बारदाना आपूर्ति में संभावित बाधा, सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और उद्योगों के लिए कच्चे माल की उपलब्धता जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके साथ ही उर्वरकों की उपलब्धता पर भी चर्चा होने की संभावना है।
एमपी सरकार फिर लेगी कर्ज
वहीं प्रदेश की मोहन सरकार आज 5800 करोड़ रुपये का कर्ज भी लेने जा रही है। जानकारी के मुताबिक चालू वित्तीय वर्ष में यह 19वीं बार होगा, जब सरकार बाजार से कर्ज लेगी। इसके बाद प्रदेश पर कुल कर्ज का आंकड़ा लगभग 85 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है।