होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Morning Breaking: CM साय जारी करेंगे महतारी वंदन योजना की 31वीं, भाजपा का दो दिवसीय मंथन और टीईटी मुक्ति रैली समेत आज की बड़ी खबरें

Morning Breaking: CM साय जारी करेंगे महतारी वंदन योजना की 31वीं, भाजपा का दो दिवसीय मंथन और टीईटी मुक्ति रैली समेत आज की बड़ी खबरें

Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में आज का दिन कई अहम राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी करेंगे। वहीं भाजपा संगठन की दो दिवसीय रणनीतिक बैठक शुरू होगी। इसके अलावा नवा रायपुर में नई आवासीय परियोजना का शिलान्यास, पर्यटन विभाग की प्रेस कॉन्फ्रेंस और शिक्षकों की टीईटी मुक्ति रैली भी आज की प्रमुख घटनाओं में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री करेंगे महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायपुर के बूढ़ातालाब स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान राज्य की 67 लाख 28 हजार 918 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 631 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जाएगी। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री बालोद जिले के दौरे पर जाएंगे, जहां डौण्डीलोहारा में आयोजित मातृ शक्ति सम्मान समारोह में स्वयं सहायता समूहों और बिहान से जुड़ी करीब 5 हजार महिलाओं का सम्मान किया जाएगा। शाम को मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में भी हिस्सा लेंगे।

भाजपा का दो दिवसीय संगठनात्मक मंथन शुरू

भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश इकाई आज से दो दिवसीय संगठनात्मक बैठक आयोजित करेगी। बैठक में जिला अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस दौरान संगठन की कार्यप्रणाली की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठन विस्तार से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।

पर्यटन विभाग पेश करेगा रिपोर्ट कार्ड

पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की उपलब्धियों को लेकर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल आज प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा करेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर में रायपुर स्थित संवाद परिसर में आयोजित होगा।

नवा रायपुर में 119.89 करोड़ रुपये की नई आवासीय परियोजना

नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-12 फेस-2 में नई आवासीय परियोजना का भूमिपूजन और शिलान्यास किया जाएगा। लगभग 119.89 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना में 348 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। भविष्य में बढ़ती मांग को देखते हुए अतिरिक्त 704 फ्लैट विकसित करने की भी योजना बनाई गई है।

आज निकलेगी टीईटी मुक्ति रैली

छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर आज राज्य के सभी जिलों में शिक्षक टीईटी मुक्ति रैली निकालेंगे। रैली के बाद मुख्यमंत्री और शिक्षा विभाग के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जाएगा। संगठन का कहना है कि सेवा सुरक्षा और भर्ती-पदोन्नति नियमों से जुड़े मुद्दों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा। बड़ी संख्या में शिक्षकों के अवकाश लेने के कारण कई सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होने की संभावना भी जताई जा रही है।

 
 


संबंधित समाचार