सीहोर : हर साल की तरह इस साल भी सीवन नदी से कुबरेश्वर धाम तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। जिसको लेकर तैयारी जहां पूरी कर ली गई है। तो वही यात्रा की शुरुआत कल यानि की 25 अगस्त को सुबह 9 बजे से होगी। जिसमे बड़ी संख्या में भक्त शामिल होंगे और 11 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे।
कांवड़ लेकर पैदल चलेंगे पंडित प्रदीप मिश्रा
सीवन नदी तट से कुबेरेश्वर धाम तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा में कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा स्वयं कांवड़ लेकर पैदल शामिल होंगे। जिसको लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। भगवा ध्वजों और शिवभक्तों से सजे मार्ग पर कल ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजेंगे।
श्रद्धालुओं के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाएं
मीडिया से चर्चा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। पेयजल, भोजन और स्वास्थ्य सेवाओं के इंतजाम रहेंगे। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम भी तैनात रहेगी।
श्रद्धालुओं से खास अपील
उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। साथ ही कहा कि जो भक्त यात्रा में नहीं पहुंच सकते, वे अपने क्षेत्र के किसी नदी या जलस्रोत से जल लेकर नजदीकी शिव मंदिर पहुंचें और भगवान शिव का जलाभिषेक करें।
श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए 200 से अधिक सेवा केंद्र
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सीवन नदी से कुबेरेश्वर धाम तक 200 से अधिक सेवा केंद्र बनाए जाएंगे। यहां सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सेवादार पेयजल, फलाहार, चाय और प्रसादी की व्यवस्था संभालेंगे।
2000 से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा
24 और 25 अगस्त को कांवड़ यात्रा के दौरान करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें दूसरे जिलों से बुलाए गए करीब 1500 पुलिसकर्मी और सीहोर जिले के 500 से 1000 पुलिसकर्मी शामिल होंगे। कुबेरेश्वर धाम समिति के करीब 600 वॉलंटियर्स भी प्रशासन की मदद करेंगे।