Morning Breaking: छत्तीसगढ़ में रविवार की सुबह कई महत्वपूर्ण खबरों के साथ शुरू हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सिंगापुर दौरे का आज दूसरा दिन है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा (CG SET) का आयोजन आज दो पालियों में किया जाएगा। इसके अलावा भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और रायपुर में आयोजित अग्रथॉन 4.0 मैराथन भी चर्चा में है। पढ़िए छत्तीसगढ़ की सुबह की प्रमुख खबरें एक नजर में।
CM साय के सिंगापुर दौरे का दूसरा दिन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सिंगापुर दौरे का आज दूसरा दिन है। सिंगापुर में आयोजित SING Forum 2026 में मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ के विकास, निवेश और औद्योगिक संभावनाओं से जुड़े विषयों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखेंगे। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री निवेशकों को छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति के बारे में जानकारी देंगे। इसके साथ ही CEO राउंडटेबल में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और औद्योगिक विकास को लेकर चर्चा प्रस्तावित है।
आज होगी छत्तीसगढ़ SET परीक्षा
छत्तीसगढ़ राज्य पात्रता परीक्षा यानी CG SET का आयोजन आज दो पालियों में किया जाएगा। परीक्षा का पहला पेपर सुबह 10 बजे से 11:15 बजे तक होगा। वहीं दूसरा पेपर दोपहर 2 बजे से शाम 4:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र रवाना होने से पहले अपने एडमिट कार्ड की जानकारी अच्छी तरह जांच लें। एडमिट कार्ड में दिए गए परीक्षा केंद्र, जिले और संबंधित शिफ्ट के समय को ध्यान से देखना जरूरी होगा।
भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आज
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक रविवार को रायपुर के बोरियाकला स्थित भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव करेंगे, हालांकि वे इसमें वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। बैठक में पार्टी के सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा की जाएगी। नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह भी बैठक में शामिल होंगे। नियुक्ति के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला दौरा है। बैठक में निवर्तमान प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय और निवर्तमान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल के भी मौजूद रहने की जानकारी है। कर्मवीर सिंह की मौजूदगी में होने वाली बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
रायपुर में अग्रथॉन 4.0 मैराथन
राजधानी रायपुर में अग्रवाल समाज की ओर से अग्रथॉन 4.0 मैराथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा-युवतियों के साथ वरिष्ठ नागरिकों ने भी हिस्सा लिया।मैराथन का आयोजन तेलीबांधा तालाब से किया गया। कार्यक्रम में सुबह करीब 7 बजे फ्लैग ऑफ किया गया। इस अवसर पर रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह और बेमेतरा एसपी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।