होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

छग में मानसून की दस्तक तय! अगले 48 घंटे में बस्तर से एंट्री, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

छग में मानसून की दस्तक तय! अगले 48 घंटे में बस्तर से एंट्री, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

रायपुर: छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री अब बेहद करीब पहुंच चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार अनुकूल मौसमीय परिस्थितियों के चलते अगले 48 घंटों के भीतर मानसून बस्तर संभाग के रास्ते प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। लंबे इंतजार के बाद मानसून की आहट से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। मौसम विभाग ने रायपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

तापमान में उतार-चढ़ाव, कई जिलों में गर्मी बरकरार

पिछले कुछ दिनों से मानसून की गति धीमी होने के कारण प्रदेश में गर्मी का असर फिर बढ़ गया है। बीते 24 घंटों के दौरान कई जिलों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। हालांकि बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की बारिश की वजह से कुछ इलाकों में राहत भी महसूस की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बालोद में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

सक्रिय मौसम प्रणाली का असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्य पाकिस्तान से राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम लगातार बदल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसमीय प्रणाली के कारण कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में बादलों की आवाजाही बनी रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेशभर में किसानों, आम नागरिकों और जल स्रोतों के लिए मानसून का आगमन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।


संबंधित समाचार