पुष्पेंद्र ठाकुर, बीना : बीना विधानसभा की विधायक निर्मला सप्रे ने अपने दो वर्ष के कार्यकाल पर गुरुवार को कुरवाई रोड स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और सबसे महत्वपूर्ण घोषणा की, बीना जल्द ही जिला बनने जा रहा है। उनका यह बयान क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को नई उम्मीद देता है।
दो साल में 300 करोड़ के विकास कार्य
विधायक सप्रे ने बताया कि उनके नेतृत्व में बीना क्षेत्र में पिछले दो सालों में 300 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को स्वीकृति और क्रियान्वयन मिला है। उन्होंने कई जरूरी और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों की सूची साझा की...
बीना नदी परियोजना: कई छूटे गांवों को जोड़ा गया, जिससे हजारों किसानों को सिंचाई का लाभ मिलेगा।
ग्राम पंचायतों में विकास की रफ्तार: करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत कर विभिन्न निर्माण कार्यों को गति दी गई।
ग्रामीण सड़कों का विस्तार: कई गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण।
नगर पालिका भवन का निर्माण: आधुनिक सुविधाओं से लैस नया भवन तैयार।
100 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक अस्पताल: स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने वाला बड़ा कदम।
मंडी बामोरा में नई कृषि उपज मंडी
भानगढ़ में उप तहसील भवन का निर्माण
बीना जल्द बनेगा जिला
प्रेस वार्ता के दौरान विधायक सप्रे ने साफ तौर पर कहा कि मैंने चुनाव सिर्फ एक उद्देश्य से लड़ा था, बीना को जिला बनाना। मैं आज भरोसा दिलाती हूं कि बहुत जल्द बीना जिले का दर्जा पाएगा। इसके लिए प्रक्रियाएं अंतिम चरण में हैं और खुशखबरी जल्द मिलेगी। उनके इस बयान के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, क्योंकि बीना जिले की मांग लंबे समय से उठती रही है।