होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Mann Ki Baat 129 Episode: ऑपरेशन सिंदूर से खेल-विज्ञान तक, पीएम मोदी ने गिनाईं 2025 की बड़ी उपलब्धियां...

Mann Ki Baat 129 Episode: ऑपरेशन सिंदूर से खेल-विज्ञान तक, पीएम मोदी ने गिनाईं 2025 की बड़ी उपलब्धियां...

Mann Ki Baat 129 Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 129वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। यह वर्ष 2025 का अंतिम एपिसोड था, जिसमें प्रधानमंत्री ने बीते वर्ष की ऐतिहासिक उपलब्धियों, राष्ट्रीय गर्व के क्षणों और वर्ष 2026 की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

2025 की उपलब्धियां: एकजुट भारत की कहानी

अपने संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने कहा कि नया साल आने से पहले बीते साल की यादें स्वतः सामने आ जाती हैं। उन्होंने कहा कि 2025 भारत के लिए सामूहिक उपलब्धियों का वर्ष रहा, जिसने हर नागरिक को गर्व का अनुभव कराया। सुरक्षा, खेल, विज्ञान, संस्कृति और वैश्विक मंचों पर भारत ने अपनी सशक्त पहचान बनाई।

ऑपरेशन सिंदूर: भारत की सुरक्षा नीति का प्रतीक

प्रधानमंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बन गया है। उन्होंने कहा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करता। इस ऑपरेशन के दौरान देश और विदेश से भारत के प्रति सम्मान और एकजुटता की तस्वीरें सामने आईं, जिसने राष्ट्रीय भावना को और मजबूत किया।

खेल जगत में भारत का स्वर्णिम वर्ष:

पीएम मोदी ने खेलों में भारत की ऐतिहासिक सफलताओं को भी रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती और  महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप अपने नाम किया। भारत ने विमेंस ब्लाइंड वर्ल्ड कप और एशिया कप टी-20 में भी शानदार प्रदर्शन किया प्रधानमंत्री ने कहा कि इन जीतों ने विश्व मंच पर तिरंगे की शान बढ़ाई।

विज्ञान और अंतरिक्ष में भारत की बड़ी छलांग:

विज्ञान और अंतरिक्ष क्षेत्र में हुई प्रगति पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने बताया कि शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पहुंचने वाले पहले भारतीय बने। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा की दिशा में किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश में चीतों की संख्या बढ़कर 30 से अधिक हो गई है।

कुंभ और राम मंदिर: सांस्कृतिक शक्ति का प्रदर्शन

प्रधानमंत्री ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 को भारत की सांस्कृतिक भव्यता का प्रतीक बताया, जिसने पूरी दुनिया को आकर्षित किया। साल के अंत में अयोध्या के राम मंदिर में ध्वजारोहण समारोह ने देशवासियों में गर्व और भावनात्मक जुड़ाव को और गहरा किया।

युवाओं के लिए ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’:

पीएम मोदी ने युवाओं से संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ की घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 12 जनवरी (राष्ट्रीय युवा दिवस) को आयोजित किया जाएगा, जिसमें वे स्वयं भाग लेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अपने विचार साझा करने का एक सशक्त मंच देना है।

तमिल भाषा और सांस्कृतिक एकता पर जोर:

प्रधानमंत्री ने काशी तमिल संगमम का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल भारत की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करती है। ‘तमिल सीखो-तमिल करकलम’ अभियान के तहत वाराणसी के कई स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। पीएम मोदी ने कहा कि तमिल दुनिया की सबसे प्राचीन भाषाओं में से एक है, और इसके प्रति बढ़ता आकर्षण भारत की विविधता में एकता को दर्शाता है।

पिछला एपिसोड भी रहा था खास:

गौरतलब है कि इससे पहले 30 नवंबर को प्रसारित मन की बात के 128वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने अंतरिक्ष, कृषि और युवाओं की भूमिका पर चर्चा की थी। उन्होंने कहा था कि  भारत के युवा ही ‘विकसित भारत’ की सबसे बड़ी ताकत हैं।


संबंधित समाचार