होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Dabra News: डबरा मंडी में तालाबंदी जैसे हालात, हम्माल-तुलावटियों की हड़ताल

Dabra News: डबरा मंडी में तालाबंदी जैसे हालात, हम्माल-तुलावटियों की हड़ताल

राजेश सोनी, डबरा: मध्य प्रदेश की डबरा कृषि उपज मंडी में एक बार फिर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। अपनी मजदूरी की दरों में बढ़ोतरी की मांग को लेकर हम्माल और तुलावटी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इस अचानक हुई हड़ताल के कारण मंडी में आज नीलामी पूरी तरह ठप रही, जिसका सीधा खामियाजा दूर-दराज से आए अन्नदाताओं को भुगतना पड़ रहा है।

किसानों की उम्मीदों पर फिरा पानी

मंडी में अपनी गेहूं की फसल बेचने आए हजारों किसानों को आज भारी निराशा का सामना करना पड़ा। अचानक हड़ताल और फिर अगले दो दिनों के अवकाश के कारण नीलामी की कोई संभावना नहीं बची। ऐसे में किसान भारी भरकम ट्रैक्टर-ट्रॉली का किराया (भाड़ा) खर्च कर अपनी फसल वापस घर ले जाने को मजबूर दिखे। कई किसानों ने बताया कि उनके घरों में शादियां हैं और वे इसी उम्मीद में गेहूं लेकर आए थे कि उसे बेचकर पैसों का इंतजाम करेंगे। अब फसल न बिकने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

4 महीने बाद फिर वही गतिरोध

गौरतलब है कि करीब 4 महीने पहले भी हम्माल-तुलावटियों ने रेट बढ़ाने को लेकर आंदोलन किया था। प्रशासन की मध्यस्थता के बाद तब मामला शांत हुआ था, लेकिन मांगों पर अमल न होने का आरोप लगाते हुए कर्मचारी आज फिर हड़ताल पर बैठ गए हैं। इस मामले पर मंडी सचिव हाकिम सिंह रावत का कहना है कि व्यापारियों और हम्माल-तुलावटियों के बीच रेट को लेकर आपसी सामंजस्य नहीं बन पाया है, जिसकी वजह से नीलामी प्रभावित हुई है। 

क्या कहता है प्रशासन?

प्रशासन का कहना है कि कुछ किसान अपनी उपज वापस लेकर जा चुके हैं। प्रयास किए जा रहे हैं कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकाला जाए। प्रशासन की कोशिश है कि दो दिन की छुट्टी के बाद मंडी में नीलामी सुचारू रूप से शुरू हो सके।


संबंधित समाचार