होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

IRCTC Japan Tour: भोपाल से जापान ट्रिप का प्लान? IRCTC पैकेज में फ्लाइट, होटल, भोजन और बुलेट ट्रेन शामिल

IRCTC Japan Tour: भोपाल से जापान ट्रिप का प्लान? IRCTC पैकेज में फ्लाइट, होटल, भोजन और बुलेट ट्रेन शामिल

भोपाल। जापान की यात्रा का प्लान बना रहे मध्यप्रदेश के लोगों के लिए IRCTC ने खास टूर पैकेज पेश किया है। ‘Japan: The Golden Route with Hiroshima’ नाम से तैयार इस पैकेज में यात्रियों को जापान के प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी। 9 रात और 10 दिन का यह टूर 25 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाला है। इस इंटरनेशनल टूर पैकेज की कीमत ₹3,45,400 प्रति व्यक्ति रखी गई है। यात्रा के दौरान टोक्यो, माउंट फूजी, हाकोने, नागोया, ओसाका, क्योटो और हिरोशिमा जैसे प्रमुख स्थानों को कवर किया जाएगा। टूर की खासियत जापान की प्रसिद्ध बुलेट ट्रेन में सफर भी है।

दिल्ली से जापान के लिए फ्लाइट

IRCTC के प्रस्तावित पैकेज में दिल्ली से जापान के टोक्यो स्थित हानेडा एयरपोर्ट तक आने-जाने की अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट शामिल है। यह यात्रा एयर इंडिया की फ्लाइट से प्रस्तावित है। मध्यप्रदेश के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए भोपाल, इंदौर और जबलपुर से दिल्ली तक घरेलू फ्लाइट कनेक्शन का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। यह कनेक्शन उपलब्धता के आधार पर निर्धारित किया जाएगा। इस व्यवस्था से मध्यप्रदेश के यात्रियों को दिल्ली पहुंचने और वहां से जापान की अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ने के लिए अलग-अलग यात्रा प्रबंधन करने की जरूरत कम हो सकती है।

जापान के कई प्रमुख पर्यटन स्थल होंगे शामिल

IRCTC के इस टूर में जापान के अलग-अलग रंगों को करीब से देखने का मौका मिलेगा। यात्रा कार्यक्रम में माउंट फूजी, हाकोने, नागोया, ओसाका, क्योटो, हिरोशिमा और टोक्यो को शामिल किया गया है। प्राकृतिक खूबसूरती के साथ जापान के आधुनिक शहरों और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों को भी इस यात्रा कार्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। हिरोशिमा को विशेष रूप से शामिल किए जाने के कारण पैकेज को ‘द गोल्डन रूट विद हिरोशिमा’ नाम दिया गया है।

3 स्टार होटल में ठहरने की व्यवस्था

पैकेज के तहत यात्रियों के लिए 3 स्टार श्रेणी के होटल में ठहरने की व्यवस्था प्रस्तावित है। कार्यक्रम के अनुसार टोक्यो में 3 रात, हमामात्सु में 1 रात, ओसाका में 3 रात, हिरोशिमा में 1 रात और दिल्ली में 1 रात ठहरने की व्यवस्था शामिल है। यात्रियों को रोजाना कॉन्टिनेंटल बुफे नाश्ता दिया जाएगा। निर्धारित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार दोपहर और रात के भोजन की सुविधा भी स्थानीय रेस्टोरेंट में उपलब्ध रहेगी। इसके साथ प्रतिदिन एक बोतल मिनरल वाटर भी दिया जाएगा।

बुलेट ट्रेन में होगा सफर

जापान की हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन इस टूर का प्रमुख आकर्षण है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रियों को ओसाका से हिरोशिमा और हिरोशिमा से टोक्यो के बीच बुलेट ट्रेन से यात्रा कराई जाएगी। यात्रियों को सामान के साथ बार-बार यात्रा करने की परेशानी न हो, इसके लिए ओसाका से टोक्यो तक सामान पहुंचाने की सुविधा भी पैकेज में शामिल की गई है।

एसी डीलक्स बस और टूर गाइड की सुविधा

जापान में स्थानीय आवाजाही और पर्यटन स्थलों तक पहुंचने के लिए एसी 2x2 डीलक्स बस उपलब्ध रहेगी। बस में पुश-बैक सीटों की सुविधा होगी। पूरे टूर के दौरान अंग्रेजी बोलने वाला स्थानीय टूर गाइड यात्रियों के साथ रहेगा। इसके अलावा IRCTC का अधिकारी भी यात्रा के दौरान समन्वय के लिए मौजूद रहेगा।

वीजा और ट्रैवल इंश्योरेंस भी पैकेज में 

IRCTC के अनुसार पैकेज में निर्धारित कार्यक्रम के तहत लागू प्रवेश टिकट, सामान्य वीजा शुल्क, ओवरसीज ट्रैवल इंश्योरेंस और GST को शामिल किया गया है। ट्रैवल इंश्योरेंस की सुविधा 80 वर्ष से कम उम्र के यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी। इस तरह पैकेज में फ्लाइट, होटल, भोजन, स्थानीय परिवहन, पर्यटन स्थलों के प्रवेश, बुलेट ट्रेन, गाइड, वीजा और इंश्योरेंस जैसी कई सुविधाएं शामिल हैं।

भोपाल में यहां से ले सकते हैं जानकारी

जापान टूर से जुड़ी जानकारी लेने के इच्छुक यात्री IRCTC के भोपाल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।  भोपाल कार्यालय का पता IRCTC क्षेत्रीय कार्यालय, द्वितीय तल, ब्लॉक नंबर 04, पर्यावास भवन, अरेरा हिल्स है, जानकारी के लिए 9321901861, 8287931726, 9321901862 जारी इन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं, यात्री ऑनलाइन माध्यम से भी टूर पैकेज की जानकारी और बुकिंग प्रक्रिया देख सकते हैं। बुकिंग सीटों की उपलब्धता, फ्लाइट कनेक्शन और IRCTC की निर्धारित शर्तों के अनुसार होगी।

25 अक्टूबर से शुरू होगा टूर

IRCTC का यह जापान टूर 25 अक्टूबर 2026 से शुरू होने वाला है। 9 रात और 10 दिन की इस यात्रा में मध्यप्रदेश से जापान जाने वाले यात्रियों को एक ही पैकेज के तहत कई प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों को देखने का अवसर मिलेगा। भोपाल रेल मंडल के सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया के अनुसार, इस टूर में जापान के प्रमुख शहरों, प्राकृतिक स्थलों, ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को यात्रा कार्यक्रम में शामिल किया गया है।


संबंधित समाचार