इंडिगो एयरलाइंस ने मुंबई और रायपुर के बीच एक नई उड़ान शुरू करने की घोषणा की है, जो 1 मई से संचालित होगी। इस नई फ्लाइट के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अब दोपहर के समय भी फ्लाइट की सुविधा मिल सकेगी।
फ्लाइट का पूरा शेड्यूल
नई उड़ान (6E 6122) मुंबई से दोपहर 12:30 बजे उड़ान भरेगी और 2:25 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर लैंड करेगी।
इसके बाद 30 मिनट के स्टॉपेज के बाद यह फ्लाइट 2:55 बजे रायपुर से वापस मुंबई के लिए टेकऑफ करेगी और 4:35 बजे मुंबई एयरपोर्ट पहुंचेगी।
यात्रियों को मिलेगा अतिरिक्त विकल्प
वर्तमान में मुंबई-रायपुर रूट पर तीन फ्लाइट्स संचालित होती हैं, जो सुबह, शाम और रात के समय उड़ान भरती हैं। दोपहर की फ्लाइट की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा कर दिया गया है। इससे यात्रियों को यात्रा के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे।
किराया और यात्रियों की सुविधा
इस रूट पर फ्लाइट्स में यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण किराया भी सामान्य से ज्यादा रहता है। नई उड़ान से यात्रियों को अपनी यात्रा प्लान करने में आसानी होगी, खासकर उन लोगों को जो मुंबई से आगे इंटरनेशनल या अन्य डेस्टिनेशन के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट लेते हैं।
पहले भी बंद हो चुकी थी चौथी उड़ान
करीब ढाई साल पहले मुंबई-रायपुर रूट पर चौथी उड़ान बंद कर दी गई थी, जो एयर इंडिया के नेटवर्क का हिस्सा थी। इसके बाद से यह रूट तीन फ्लाइट्स पर ही निर्भर था। अब इंडिगो की नई उड़ान से एक बार फिर कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
जयपुर फ्लाइट बुकिंग पर भी ब्रेक
इंडिगो ने रायपुर-जयपुर कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू करने की योजना बनाई थी, जो हैदराबाद होकर संचालित होनी थी। बुकिंग शुरू होने के कुछ दिनों बाद ही तकनीकी कारणों से इसे बंद कर दिया गया। फिलहाल रायपुर से जयपुर के लिए कोई सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है।