इंदौर : मध्य प्रदेश के अधिकतर शहर इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दिन के साथ साथ रात में भी चल रही गर्म हवाओं की वजह से अब लोगों की तबियत खराब होनी शुरू हो गई है । जिसको देखते हुए इंदौर कलेक्टर ने छात्रों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। इतना ही नहीं इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए है।
नर्सरी से 8वीं तक के लिए आदेश किया गया जारी
कलेक्टर शिवम शर्मा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इंदौर के सभी स्कूलों में कक्षाओं का संचालन सुबह 7 बजे से 12 बजे तक किया जायेगा। यह आदेश नर्सरी से 8वीं तक की कक्षाओं के लिए जारी किया गया है। तो वही इंदौर जिले में सभी आंगनबाड़ियां सुबह 8:30 से 11:30 तक ही संचालित होंगी। यह आदेश जिले के सभी शासकीय और निजी विद्यालयों में तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
16, 17 और 18 अप्रैल को लू का अलर्ट
दरअसल, प्रदेश में इनदिनों भीषण गर्मी की वजह से लू का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, 16, 17 और 18 अप्रैल को प्रदेश में गर्म हवाओं चलने का सिलसिला जारी रहेगा। ऐसे में कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य पर असर न पड़े इसके लिए यह फैसला लिया है।