होम
देश
दुनिया
राज्य
खेल
अध्यात्म
मनोरंजन
सेहत
जॉब अलर्ट
जरा हटके
फैशन/लाइफ स्टाइल

 

Indian Idol 3 के विनर प्रशांत तमांग का निधन, 43 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से हुई मौत...

Indian Idol 3 के विनर प्रशांत तमांग का निधन, 43 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट से हुई मौत...

नई दिल्ली। एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और मशहूर सिंगर-एक्टर प्रशांत तमांग का 43 साल की उम्र में निधन हो गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई है। प्रशांत के अचानक यूं चले जाने से म्यूजिक और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

करीबी दोस्त ने की मौत की पुष्टि:

प्रशांत तमांग के निधन की पुष्टि उनके म्यूजिक पार्टनर और करीबी दोस्त भावेन धनक ने की है। भावेन ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “यकीन नहीं हो रहा कि तुम हमें छोड़कर चले गए मेरे भाई।” इस पोस्ट के सामने आने के बाद फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े कई सितारों ने श्रद्धांजलि देनी शुरू कर दी।

सदमे में परिवार और फैंस:

प्रशांत के निधन से उनका परिवार गहरे सदमे में है। वहीं सोशल मीडिया पर फैंस अपने पसंदीदा सिंगर को याद कर भावुक संदेश शेयर कर रहे हैं। इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने भी उनके अचानक निधन पर शोक व्यक्त किया है।

दिल्ली स्थित घर पर बिगड़ी तबीयत:

मिली जानकारी के अनुसार, प्रशांत तमांग दिल्ली के जनकपुरी स्थित अपने आवास पर थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि, अभी तक परिवार की ओर से आधिकारिक मेडिकल बयान सामने नहीं आया है।

संघर्षों से भरा था जीवन:

प्रशांत तमांग का जन्म 4 जनवरी 1983 को दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल में हुआ था। उन्होंने बेहद कम उम्र में अपने पिता को खो दिया था। परिवार की जिम्मेदारी उठाने के लिए उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ी और उन्होंने कोलकाता पुलिस में कांस्टेबल के रूप में नौकरी शुरू की।

Indian Idol से बदली किस्मत:

साल 2007 में प्रशांत तमांग ने इंडियन आइडल सीजन 3 में हिस्सा लिया। उनकी सादगी, संघर्ष और दिल छू लेने वाली आवाज ने उन्हें देशभर में लोकप्रिय बना दिया। दर्शकों के भरपूर समर्थन के साथ उन्होंने इस शो का विनर का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद उन्होंने भारत और विदेशों में कई म्यूजिक शोज किए।

एक्टिंग में भी छोड़ी छाप:

सिंगिंग के अलावा प्रशांत तमांग ने एक्टिंग में भी हाथ आजमाया। वह चर्चित वेब सीरीज ‘पाताल लोक’ में नजर आए, जहां उनकी परफॉर्मेंस को सराहा गया। इसके अलावा उन्होंने कई रीजनल फिल्मों में भी काम किया।

एक युग का अंत:

प्रशांत तमांग का यूं अचानक दुनिया से चले जाना म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी आवाज, सादगी और संघर्ष की कहानी हमेशा लोगों को प्रेरित करती रहेगी। 


संबंधित समाचार