Heyy Babyy 2: बॉलीवुड की लोकप्रिय कॉमेडी फिल्मों में शामिल ‘हे बेबी’ अब एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने की तैयारी में है। साल 2007 में रिलीज हुई इस फिल्म के सीक्वल ‘हे बेबी 2’ को लेकर निर्माता साजिद नाडियाडवाला ने आधिकारिक तौर पर बड़ा अपडेट दिया है। फिल्म की शूटिंग ऑस्ट्रेलिया में किए जाने की जानकारी सामने आई है। करीब दो दशक पहले रिलीज हुई पहली फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, फरदीन खान और विद्या बालन जैसे कलाकार नजर आए थे। फिल्म की कहानी, कॉमेडी और कलाकारों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। ऐसे में सीक्वल की खबर सामने आने के बाद फिल्म की पुरानी स्टारकास्ट को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया में होगी फिल्म की शूटिंग
‘हे बेबी 2’ से जुड़ा यह ऐलान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच फिल्म निर्माण को लेकर हुई एक साझेदारी के दौरान सामने आया। न्यू साउथ वेल्स के प्रीमियर क्रिस मिन्स ने मुंबई में साजिद नाडियाडवाला के कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट की ऑस्ट्रेलिया में आगामी फिल्मों की शूटिंग से संबंधित योजना की जानकारी दी गई। इसी प्रोजेक्ट में ‘हे बेबी 2’ भी शामिल है। खास बात यह है कि पहली फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग भी ऑस्ट्रेलिया में हुई थी। ऐसे में सीक्वल के लिए उसी लोकेशन को चुना जाना फिल्म से जुड़े प्रशंसकों के लिए खास आकर्षण हो सकता है।
क्या फिर साथ दिखेंगे अक्षय, रितेश और फरदीन?
सीक्वल की घोषणा के बाद सबसे बड़ा सवाल फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर है। पहली फिल्म में अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और फरदीन खान ने तीन दोस्तों की भूमिका निभाई थी, जबकि विद्या बालन महत्वपूर्ण किरदार में थीं। हालांकि, अभी तक मेकर्स की ओर से यह पुष्टि नहीं की गई है कि अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, फरदीन खान और विद्या बालन सीक्वल में भी दिखाई देंगे या नहीं। इसी तरह पहली फिल्म का निर्देशन करने वाले साजिद खान की ‘हे बेबी 2’ में वापसी को लेकर भी फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
क्या थी ‘हे बेबी’ की कहानी?
साल 2007 में आई ‘हे बेबी’ की कहानी तीन ऐसे दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती थी, जो अपनी बेफिक्र और मस्ती भरी जिंदगी जी रहे होते हैं। उनकी जिंदगी में अचानक एक बच्ची की एंट्री होती है, जिसके बाद तीनों की पूरी दुनिया बदल जाती है। कॉमेडी के साथ फिल्म में रिश्तों और जिम्मेदारी को भी कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया था। अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और फरदीन खान की तिकड़ी के साथ विद्या बालन के किरदार ने फिल्म को अलग पहचान दिलाई थी।
पुरानी यादों के साथ नई कहानी का इंतजार
‘हे बेबी 2’ के ऐलान ने उन दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है, जिन्होंने पहली फिल्म को पसंद किया था। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सीक्वल की कहानी क्या होगी और क्या फिल्म में पहले पार्ट के लोकप्रिय कलाकारों को दोबारा एक साथ लाया जाएगा। फिलहाल मेकर्स ने फिल्म की शूटिंग से जुड़ी जानकारी साझा की है, लेकिन स्टारकास्ट, निर्देशक और रिलीज डेट को लेकर आधिकारिक तस्वीर अभी साफ नहीं हुई है।